मिठाई में बेहोशी की दवा मिलाकर महिला से दुष्कर्म

फोटो-वीडियो निकालकर की ब्लैकमेलिंग

* पैसे ऐंठकर भी जारी रहे लैंगिक अत्याचार, मामला दर्ज
* राजापेठ थाना क्षेत्र की घटना
अमरावती/दि.9 – राजापेठ पुलिस थाना क्षेत्र में एक 35 वर्षीय महिला की शिकायत पर एक व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, आर्थिक शोषण, धमकी और जातिवाचक अपमान करने का मामला दर्ज किया गया है. आरोपी का नाम स्वप्नील (48) है.
जानकारी के मुताबिक पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी स्वप्नील (48) नामक व्यक्ति उसके पति का परिचित है. इसी परिचय के चलते दोनों के बीच संपर्क बना था. शिकायत के अनुसार, 14 अप्रैल 2025 को पीडिता का जन्मदिन रहने से आरोपी स्वप्नील मिठाई लेकर उसके घर आया और कथित रूप से मिठाई खाने दी. वह मिठाई खाने के बाद पीडिता को नशा और बेहोशी के जैसा लगने लगा. साथ ही चक्कर आने से पीडिता को कुछ समझमें नहीं आ रहा था. ऐसी परिस्थिति में स्वप्नील ने उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए. महिला का आरोप है कि आरोपी ने इस दौरान उसके फोटो और वीडियो भी बनाए तथा बाद में उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया.
पीड़िता ने आरोप लगाया कि बदनामी के डर से उसने आरोपी को समय-समय पर करीब 1 लाख रुपये से अधिक की राशि दी. इसके बावजूद आरोपी लगातार पैसे मांगता रहा और शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालता रहा. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी पिछले कई महीनों से उसका पीछा कर रहा था, घर के आसपास आकर धमकियां देता था तथा जातिवाचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित करता था. महिला की शिकायत के आधार पर राजापेठ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक प्रकाश जगताप कर रहे हैं.

Back to top button