शादी के 35 दिन बाद नवदंपति ने कुएं में कूदकर दी जान

यवतमाल में सनसनी, पत्थर बांधकर लगाई मौत की छलांग

* आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
यवतमाल/दि.9 – शादी के बाद का समय किसी भी नवदंपति के लिए नए सपनों और खुशियों का दौर माना जाता है, लेकिन यवतमाल जिले के मारेगांव तालुका स्थित सगणापुर गांव में एक हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया. विवाह के महज 35 दिन बाद एक नवविवाहित जोड़े ने कुएं में कूदकर सामूहिक आत्महत्या कर ली. मृतकों की पहचान आशीष धानोरकर और उनकी पत्नी करिश्मा धानोरकर के रूप में हुई है. दोनों का विवाह 4 मई को बड़े धूमधाम से संपन्न हुआ था. परिवार और रिश्तेदारों ने उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की थी, लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद इस दुखद घटना ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया.
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे आशीष और करिश्मा मोटरसाइकिल से घर से निकले थे. परिजनों को लगा कि दोनों सामान्य रूप से घूमने गए हैं, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटने पर उनकी तलाश शुरू की गई. खोजबीन के दौरान गांव के समीप एक खेत में स्थित कुएं के पास उनकी मोटरसाइकिल मिली. इसके बाद कुएं में तलाश करने पर दोनों के शव पानी में तैरते हुए दिखाई दिए. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों ने आत्महत्या करने से पहले अपने पेट से रस्सी के सहारे भारी पत्थर बांध लिए थे, ताकि पानी में कूदने के बाद बचने की कोई संभावना न रहे. स्थानीय नागरिकों की सहायता से दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया. यह दृश्य देखकर परिजन और ग्रामीण भावुक हो उठे.
घटना की सूचना मिलते ही मारेगांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है. हालांकि इस आत्मघाती कदम के पीछे का वास्तविक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. मारेगांव के पुलिस निरीक्षक श्याम वानखेड़े ने बताया कि पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव अथवा अन्य सामाजिक कारणों सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा. इस घटना से सगणापुर गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं और दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. नवदंपति के इस कदम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब अब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे.

Back to top button