खुद को सीएम बनाए जाने की बात पर बस मुस्कुरा दिए शिंदे

बच्चू कडू ने उठाई थी शिंदे को मुख्यमंत्री बनाने की मांग

मुंबई/ नई दिल्ली/दि. 9 – महाराष्ट्र की राजनीति में मुख्यमंत्री पद को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है. शिवसेना विधायक बच्चू कडू द्वारा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने की मांग किए जाने के बाद राजनीतिक हलकों में नई बहस शुरू हो गई है. इस बीच, जब पत्रकारों ने इस संबंध में एकनाथ शिंदे से प्रतिक्रिया जाननी चाही तो उन्होंने सीधे जवाब देने के बजाय मुस्कराते हुए टिप्पणी की.
नई दिल्ली में शिवसेना की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद आयोजित पत्रकार परिषद में एकनाथ शिंदे से बच्चू कडू के बयान पर सवाल पूछा गया. पत्रकारों ने उन्हें बताया कि बच्चू कडू ने कहा है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का प्रमोशन होना चाहिए और एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए. इस पर शिंदे ने पहले कुछ क्षण मौन बनाए रखा और फिर मुस्कराते हुए कहा, बच्चू कडू ने निश्चित तौर पर क्या कहा है, इसकी मैं जानकारी लेता हूं, उसके बाद इस पर बोलूंगा.
* क्या कहा था बच्चू कडू ने?
बता दे कि विधायक बच्चू कडू ने हाल ही में विदर्भ दौरे का हवाला देते हुए दावा किया था कि लोगों के बीच एकनाथ शिंदे के प्रति व्यापक समर्थन दिखाई दे रहा है. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में उन्होंने विदर्भ में अनेक सभाएं की हैं और उन्हें विश्वास है कि यही क्षेत्र भविष्य में एकनाथ शिंदे को फिर मुख्यमंत्री बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि शिवसैनिक अब शांत नहीं बैठेंगे और जनाधार रखने वाले नेता के रूप में एकनाथ शिंदे को फिर मुख्यमंत्री पद पर देखने की इच्छा रखते हैं. कडू ने यह भी दावा किया कि शिंदे को जितना राजनीतिक रूप से नजरअंदाज किया जाएगा, वे उतना ही लोगों के बीच लोकप्रिय होते जाएंगे.
* उदय सामंत ने भी जताई समर्थन की भावना
बच्चू कडू के बयान के बाद राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि किसी नेता को मुख्यमंत्री के रूप में देखने की इच्छा व्यक्त करना स्वाभाविक राजनीतिक भावना है. सामंत ने कहा कि जिस प्रकार भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं, उसी प्रकार शिवसेना के कार्यकर्ताओं और नेताओं की इच्छा होती है कि एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री बनें. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह व्यक्तिगत राजनीतिक अपेक्षा है और इसे उसी रूप में देखा जाना चाहिए.
* महायुति में नई चर्चा
विधायक बच्चू कडू और मंत्री उदय सामंत के बयानों के बाद महायुति गठबंधन के भीतर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं. हालांकि सरकार की ओर से मुख्यमंत्री पद में किसी बदलाव के संकेत नहीं हैं, लेकिन शिवसेना नेताओं द्वारा समय-समय पर एकनाथ शिंदे के समर्थन में दिए जा रहे बयानों ने राजनीतिक अटकलों को हवा दे दी है.
फिलहाल एकनाथ शिंदे ने इस विषय पर कोई स्पष्ट राजनीतिक टिप्पणी करने से परहेज किया है, लेकिन उनकी मुस्कराहट और संक्षिप्त प्रतिक्रिया ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है. अब भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया और महायुति के अन्य घटक दलों का रुख भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

Back to top button