अवैध गतिविधियों और अपराध पर कार्रवाई की मांग

वेलकम पॉइंट क्षेत्र में ट्रैफिक जाम

* ट्रैवल्स संचालकों की मनमानी पर लगाई जाए रोक
अमरावती /दि.10 शहर के प्रमुख प्रवेश द्वार माने जाने वाले वेलकम पॉइंट क्षेत्र में बढ़ती यातायात अव्यवस्था, अवैध गतिविधियों और अपराधों को लेकर स्थानीय नागरिकों एवं विभिन्न संगठनों ने पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है. प्रमोद खंडारे नामक सामाजिक कार्यकर्ता ने पुलिस आयुक्त रोकश ओला को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा है.
पुलिस आयुक्त को दिए गए निवेदन में कहा गया है कि वेलकम पॉइंट क्षेत्र में निजी ट्रैवल्स बसों के चालक कथित रूप से सड़क पर ही बसें खड़ी कर यात्रियों का इंतजार करते हैं, जिससे भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है. नागरिकों का आरोप है कि इस जाम के कारण आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं और कई बार मरीजों को लेकर जा रही एम्बुलेंसों को 20 से 25 मिनट तक जाम में फंसे रहना पड़ता है. निवेदन में यह भी कहा गया है कि अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात बाधाओं के कारण क्षेत्र में दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है तथा कई छोटे-बड़े हादसे भी हो चुके हैं. नागरिकों का कहना है कि यह समस्या केवल यातायात तक सीमित नहीं है, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा और जीवन से भी जुड़ी हुई है.
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में कुछ अवैध गतिविधियां भी संचालित हो रही हैं, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो रही है. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि निजी ट्रैवल्स के अनधिकृत स्टॉप तत्काल हटाए जाएं और शहर के बाहर निर्धारित पिकअप एवं ड्रॉप पॉइंट विकसित किए जाएं. नागरिकों और विभिन्न संगठनों ने प्रशासन से क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर यातायात व्यवस्था सुधारने, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा अपराध नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है. साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि आगामी दिनों में समस्या का समाधान नहीं किया गया तो व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जा सकता है. स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से वेलकम पॉइंट क्षेत्र को सुरक्षित, व्यवस्थित और अपराधमुक्त बनाने के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने की अपील की है.

Back to top button