350 करोड का ठेका फिर भी सुपर स्पेशालिटी अस्पताल कचरे में!

मनपा और कोणार्क कंपनी मरीजों की जान से कर रहे खिलवाड

अमरावती/दि.10– महानगर पालिका की कचरा प्रबंधन व्यवस्था की पोल एक बार फिर खुल गई है. शहर के विभागीय संदर्भ सेवा अस्पताल (सुपर स्पेशालिटी हॉस्पिटल) का परिसर कचरे के ढेरों से घिरा हुआ है. अस्पताल परिसर मानों कचरा डंपिंग ग्राउंड बन गया है. महानगर पालिका ने कचरा उठाने का 350 करोड रुपए का ठेका कोणार्क कंपनी को दिया है. लेकिन अस्पताल प्रशासन द्वारा मनपा आयुक्त को दो बार पत्र भेजने के बावजूद कचरा नहीं उठाया गया. महापालिका और कोणार्क कंपनी की निष्क्रियता के कारण मरीजों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड किया जा रहा है.

* महिला शौचालय बना कचरा घर
सुपर स्पेशालिटी अस्पताल में रोजमर्रा के कचरे के साथ-साथ मेडिकल वेस्ट के निपटान की स्थिति भी चिंताजनक है. डॉक्टरों के अनुसार मेडिकल वेस्ट हर दो दिन में उठाया जाता है, लेकिन अस्पताल के महिला शौचालय में भी मेडिकल कचरा जमा होने के दृश्य सामने आए है.

* पत्र में क्या कहा गया है?
अस्पताल के विशेष कार्यकारी अधिकारी डॉ. मंगेश मेंढे ने मनपा आयुक्त को भेजे गए पत्र में उल्लेख किया है कि, अस्पताल परिसर में रखे गए कचरा कंटेनर पूरी तरह भर चुके है. समय पर कचरा नहीं उठाए जाने से परिसर में दुर्गंध फैल रही है तथा मच्छरों, मक्खियों और अन्य कीटों के पनपने का खतरा बढ गया है. इसके परिणामस्वरुप संक्रामक बीमारियों के फैैलने की आशंका बढ गई है. जिससे मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड सकता है. अस्पताल प्रशासन ने तत्काल कचरा उठाने और भविष्य में नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.

 

Back to top button