शादी का कार्ड हाथ में लिए जा रहे चाचा-भतीजे समेत तीन की मौत
समृद्धि हाईवे पुल के नीचे दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत

* घर की खुशियां मातम में बदलीं
पुलगांव/दि.10 – पुलगांव-आर्वी मार्ग पर समृद्धि महामार्ग के अंडरपास के नीचे मंगलवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में चाचा-भतीजे समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में एक युवक भी शामिल है, जो अपना अंतिम परीक्षा पत्र देकर घर लौट रहा था.
पुलिस के अनुसार, हादसा मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे विरुल क्षेत्र स्थित समृद्धि महामार्ग के अंडरपास के नीचे हुआ. सल्फाल निवासी योगेश रामकृष्ण मेश्राम (28) अपनी बाइक क्रमांक एमएच-40/बीयू-2274 से देवली से गांव लौट रहे थे. वहीं टाकली निवासी देवेंद्र त्र्यंबक दरणे (36) अपने चाचा गंगाधर पंढरीनाथ दरणे (58) के साथ बाइक क्रमांक एमएच-32/एवी-8455 से रोहाना से वापस टाकली जा रहे थे. दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. गंगाधर दरणेे की बेटी का विवाह आगामी 4 जुलाई को तय था. वह अपने भतीजे देवेंद्र के साथ शादी के निमंत्रण पत्र बांटने रोहना गए थे. कार्ड वितरित करने और भोजन करने के बाद दोनों टाकली लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया. बेटी के हाथ पीले होने से पहले ही पिता की मौत हो जाने से दरणेे और कडू परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पूरे गांव में शोक का माहौल है.
मृतक योगेश मेश्राम ग्राम पंचायत में कार्यरत थे और आगे की पढ़ाई कर बेहतर नौकरी पाने का सपना देख रहे थे. मंगलवार को उनका अंतिम परीक्षा पत्र था. परीक्षा देकर घर लौटते समय हुए हादसे में उनकी जान चली गई. परिजनों के अनुसार, उनका आखिरी पेपर ही जीवन का आखिरी सफर बन गया. हादसे की सूचना मिलते ही पुलगांव पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया. पुलिस आमने-सामने हुई टक्कर के कारणों की जांच कर रही है.





