कुएं की खुदाई का सामान चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच आरोपी गिरफ्तार

अमरावती/ दि. 10 – अमरावती ग्रामीण पुलिस ने कुएं की खुदाई के लिए खेत में रखे गए लोहे के सामान की चोरी का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने चोरी गया पूरा माल तथा वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद कर लिया है.
पुलिस के अनुसार बोरखेडी बुजुर्ग निवासी 66 वर्षीय दामोदर अण्णाजी पवार कुएं की खुदाई और निर्माण कार्य का ठेका लेते हैं. उन्होंने बोरखेडी खुर्द स्थित सुरज शरदराव राजूत के खेत में कुएं की खुदाई का काम लिया था. 5 जून को काम बंद कर मजदूरों के साथ उन्होंने निर्माण सामग्री खेत में सुरक्षित रख दी थी. 8 जून की सुबह जब वे मजदूरों के साथ खेत पहुंचे तो उन्हें सामान चोरी होने की जानकारी मिली. अज्ञात चोर खेत से करीब 40 हजार रुपये मूल्य की 20 लोहे की तिरपाल (तारफे) तथा 20 हजार रुपये मूल्य के दो लोहे के सीमेंट मिक्सिंग टब चोरी कर ले गए थे. कुल 60 हजार रुपये के माल की चोरी के मामले में खोलापुर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया.
* गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देश पर खोलापुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. गुप्त सूचना के आधार पर बोरखेडी (बु.) के संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली. उन्होंने बताया कि चोरी का सामान टाटा 207 वाहन में भरकर खोलापुर के कबाड़ बाजार में बेच दिया था. गिरफ्तार आरोपियों में अनिल रामचंद्र सोनके, दिवाकर सुरेश सोनके, प्रशांत नामदेवराव चव्हाण (बोरखडी बु. निवासी) सहित चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ व्यवसायी उमर खान साहेब खान (चांदीपुरा) व अमीन खान बने खान (गलपुरा) तथा वाहन चालक प्रमेश संजय कुंभेकर (20 वर्ष, निवासी इस्तलापुर) का समावेश है.
इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया है, जिसमें 20 लोहे की तिरपाल/तारफे (कीमत लगभग 40 हजार रुपये), दो लोहे के सीमेंट मिक्सिंग टब (कीमत लगभग 20 हजार रुपये), टाटा 207 वाहन क्रमांक एम-04/एफपी-0520 आदि का समावेश रहा.
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अपर पुलिस अधीक्षक दत्ता टोतेवाड तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी अशोक थोरात के मार्गदर्शन में खोलापुर पुलिस थाने के एपीआई भूषण बैसाने, हेड कांस्टेबल दीपक उडके, हेड कांस्टेबल गणेश गुरुदे तथा कांस्टेबल निखिल आंभोरे ने अंजाम दी. पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

Back to top button