‘हवा में तीर न चलाएं’ कांग्रेस

उम्मीदवार के गायब होने और 20 करोड के आरोप पर सीएम फडणवीस का करारा पलटवार

मुंबई /दि.11– महाराष्ट्र की राजनीति में जारी घमासान के बीच एक नया और सनसनीखेज मोड आ गया है. कांग्रेस की फायरब्रांड नेता यशोमति ठाकुर के तीखे आरोपों के पीछे की मुख्य वजह अमरावती से कांग्रेस के एलएलसी उम्मीदवार हर्षजीत देशमुख का रहस्यमय तरीके से गायब होना है. पिछले चार दिनों से अपने ही उम्मीदवार के नॉट रीचेबल होने से तिलमिलाई यशोमति ठाकुर ने महायुति सरकार पर भ्रष्टाचार और लोकतंत्र के हनन का मोर्चा खोल दिया है, जिसका मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी उसी आक्रामकता से जवाब दिया है.
20 करोड के लेन-देन का सनसनीखेज आरोप यशोमति ठाकुर ने मीडिया के सामने दावा किया कि अमरावती के इस चुनाव को प्रभावित करने के लिए 20 करोड रुपए की भारी-भरकम राशि का लेन-देन हुआ है. उनका कहना है कि, विपक्षी उम्मीदवारों को चुनावी मैदान से हटाने के लिए करोडों के ऑफर दिये जा रहे हैं. इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए देवेंद्र फडणवीस ने यशोमति ठाकुर को अपनी पार्टी संभालने की सलाह दी है. फडणवीस ने कहा कि, जो नेता अपने ही उम्मीदवारों को संभाल नहीं सकते, वे दूसरों पर आरोप लगाकर अपनी कमजोरी छिपा रहे हैं. उन्होंने स्पष्ट कहा कि, यशोमति ठाकुर को हवा में बाण नहीं चलाने चाहिए. यदि उनके पास 10 से 15 करोड के व्यवहार का कोई भी सबूत है, तो वे उसे पेश करें, सरकार तुरंत कडी कार्रवाई करेगी. फडणवीस के अनुसार, अमरावती में चुनाव प्रक्रिया सामान्य रुप से चल रही है और कांग्रेस के पास अपने उम्मीदवारों को एकजूट रखने की क्षमता नहीं है, इसलिए वे इस तरह की अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं.

Back to top button