दोस्त को छोडने गये युवक पर जानलेवा हमला
खोलापुरी गेट थाना क्षेत्र के नालसाबपुरा मार्ग की घटना

* पुलिस ने तीन युवकों पर किया मामला दर्ज
अमरावती/दि.11 – शहर के नालसाबपुरा में रहने वाले अपने दोस्त को छोडने के लिए गये युवक को बीच रास्ते में तीन युवकों ने रोककर बेवजह विवाद कर बेदम पीटा और चाकू से हमला कर उसे गंभीर रुप से घायल कर दिया. हालत गंभीर रहने से जख्मी युवक को अमरावती के पीडीएमसी अस्पताल में भर्ती किया गया है. जख्मी युवक की शिकायत पर पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. जख्मी युवक का नाम अब्दूल नमीर अब्दूल सलीम (35) है. जबकि आरोपी युवकों के नाम आबिद ईक्का (35), साकीब खान उर्फ अखंड खान (26), समीर खा उर्फ सुफियान खान उर्फ अब्दुल खलिफ (19) है.
जानकारी के मुताबिक अब्दूल नमीर अब्दूल सलीम नामक युवक बुधवार 10 जून को तडके 3 बजे के दौरान अपने दोस्त शोएब खान (30) को नालसाबपुरा परिसर में छोडने के लिए गया था. शोएब को छोडकर नमीर जब घर लौट रहा था, तब बीच रास्ते में उर्दू शाला के पास उसे आबीद ईक्का नामक युवक ने रोककर गालीगलौज करते हुए मारपीट शुरु कर दी. आबिद ईक्का के साथ उसे दो साथी भी थे. आबिद ने मारपीट करते हुए चाकू निकालकर उसकी पसली पर वार कर दिया. इस हमले में अब्दूल नमीर गंभीर रुप से घायल हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही नमीर का दोस्त समीर तत्काल दुपहिया लेकर घटनास्थल पहुंचा. जख्मी नमीर को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे नागपुर ले जाने कहा, लेकिन रिश्तेदारों ने उसे पीडीएमसी अस्पताल में भर्ती किया. शिकायत के आधार पर खोलापुरी गेट पुलिस ने आबिद ईक्का, साकिब खान और समीर खान के खिलाफ बीएनएस की धारा 118 (2), 115 (2), 352, 3 (5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.