मिठाई में बेहोशी की दवा मिलाकर दुष्कर्म का मामला

पुलिस ने आरोपी को पुणे से किया गिरफ्तार

* राजापेठ पुलिस की कार्रवाई
अमरावती/दि.11 – अपने ही दोस्त की पत्नी के जन्मदिन पर मिठाई लेकर शुभेच्छा देने गये एक 48 वर्षीय नराधम ने मिठाई में बेहोशी की दवा देकर विवाहिता पर लैंगिक अत्याचार किया था. साथ ही फोटो, वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल भी किया था. पीडिता द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज करने के बाद आरोपी फरार हो गया था. उसे पुलिस के दल ने पुणे से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है. गिरफ्तार आरोपी का नाम गडगडेश्वर परिसर के पुष्पक कॉलोनी निवासी स्वप्नील नरेंद्र वाटाणे है.
महिला का आरोप था कि, उसके जन्मदिन पर आरोपी स्वप्नील वाटाणे मिठाई लेकर उसके घर पहुंचा. आरोपी ने पीडिता को मिठाई दी. वह मिठाई खाने के बाद महिला को चक्कर आने लगे और नशे की हालत में वह बेहोशी की अवस्था में थी, तब स्वप्नील ने उसके साथ लैंगिक अत्याचार किया. पश्चात उसके अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ब्लैकमेल कर उसका शारीरिक शोषण करता रहा. आरोपी के इस अत्याचारों से त्रस्त होकर पीडिता ने राजापेठ थाने में शिकायत दर्ज की थी. पुलिस में शिकायत दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गया था. पुलिस घटना की गंभीरता को देखते हुए उसकी सरगर्मी से तलाश में जुटी हुई थी. मिली जानकारी के आधार पर आरोपी को पुणे में दबोच लिया गया. अमरावती लाकर उसे न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है. मामले की जांच राजापेठ पुलिस आगे कर रही है.

Back to top button