मौसम पर आधारित संतरा फसल बीमा का ट्रिगर तत्काल घोषित करें
राकांपा की मांग, जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी को सौंपा निवेदन

* 45 दिनों में बीमा की रकम नहीं मिलने पर दी आंदोलन की चेतावनी
मोर्शी /दि.12– जिले की 14 तहसीलों के हजारों संतरा उत्पादक किसानों ने साल 2025-26 अंतर्गत मौसम पर आधारित आंबिया बहार संतरा फसल बीमा निकाला था, लेकिन अब तक संतरा फसल बीमा का ट्रिगर घोषित नहीं किए जाने से संतरा उत्पादक किसानों में नाराजगी है. जिले के किसानों का आंबिया बहार संतरा फसल बीमा ट्रिगर तत्काल घोषित कर पात्र किसानों के खातों में 45 दिनों के भीतर बीमा की राशि जमा किए जाने की मांग राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस पार्टी के तहसील अध्यक्ष रुपेश वालके ने की है. जिसमें उनके नेतृत्व में जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी राहुल सातपुते को इस आशय का निवेदन सौंपा गया.
निवेदन में कहा गया कि, इस साल बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि, बढते तापमान, उष्णता की लहर और मौसम के बदलाव के चलते संतरा बागानों का बडे प्रमाण में नुकसान हुआ है और उत्पादन भी घटा है. जिससे किसान पहले से ही आर्थिक संकट में है. ऐसे में फसल बीमा मदद की राशि इन किसानों के लिए बडा आधार ठहरेगी. ट्रिगर की घोषणा नहीं होने से किसानों में रोष है. रुपेश वालके ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि, तत्काल ट्रिगर घोषित कर किसानों के खातों में बीमा की राशि जमा नहीं की गई, तो तीव्र आंदोलन किया जाएगा.
जिले के संतरा उत्पादक हजारों किसानों ने मौसम पर आधारित आंबिया बहार फसल बीमा निकाला था. जिसकी कालावधि 31 मई को खत्म हुई. लेकिन फिर भी ट्रिगर घोषित नहीं किए जाने की वजह से संतरा उत्पादक किसानों को ट्रिगर में फेरबदल होने की आशंका व्यक्त हो रही है. जिसमें पारदर्शिता के साथ विलंब न करते हुए ट्रिगर की घोषणा कर संतरा उत्पादक किसानों के खातों में 45 दिन के भीतर बीमा राशि जमा की जाए, ऐसी मांग निवेदन द्वारा की गई. साथ ही जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी राहुल सातपुते के साथ संतरा उत्पादक किसानों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा भी की. इस समय राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस के तहसील अध्यक्ष रुपेश वालके, महासचिव हितेश साबले, राष्ट्रवादी कांग्रेस ज्येष्ठ आघाडी अध्यक्ष दिलीप भूतकर, गोपाल चारे, आकाश साबले, कांचन कुकडे, मनीष गुडधे आदि उपस्थित थे.





