500 रुपये की रिश्वत लेते आरटीओ निरीक्षक सहित दो गिरफ्तार

नागपुर में एसीबी की कार्रवाई

अमरावती /दि.12- महाराष्ट्र-मध्य प्रदेश सीमा पर स्थित खुर्सापार चेक पोस्ट पर भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एसीबी के दल ने आरटीओ के एक मोटर वाहन निरीक्षक सहित दो लोगों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में साजन शालीग्राम शेंडे (50) और प्रवीण बाबुराव गायधने (50) शामिल हैं. दोनों पर एक ट्रक चालक से जांच नाका पार कराने के एवज में 500 रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है.
जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक जब मध्य प्रदेश से माल लेकर लौटा था, तब उससे अवैध रूप से 500 रुपये की मांग की गई थी. 12 जून को जब वह दोबारा माल लेकर जाने वाला था, तो फिर से रिश्वत की मांग की गई. इसके बाद चालक ने 10 जून को एसीबी से शिकायत की. शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी प्रवीण गायधने ने चालक से 500 रुपये लेकर निरीक्षक शेंडे के लिए राशि आगे बढ़ाई, टीम ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया. इस कार्रवाई के बाद केलवाड पुलिस स्टेशन में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. मामले में एक दिलचस्प पहलू यह भी सामने आया है कि करीब तीन महीने पहले आरोपी निरीक्षक साजन शेंडे ने स्वयं आरटीओ अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ एसीबी को ज्ञापन दिया था, जिसमें झूठी शिकायतों के जरिए फंसाने का आरोप लगाया गया था. उसी अधिकारी का नाम अब रिश्वत मामले में सामने आने से विभाग में हड़कंप मच गया है. के अनुसार, जांच जारी है और आगे और खुलासे होने की संभावना है.

Back to top button