कचोरी सेंटर पर छापा, नमूने जब्त
शिर्डी के बाद अब शेगांव में एफडीए की कार्रवाई

बुलढाणा/दि.13. राज्य में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अन्न एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई तेज कर दी गई है. इसी क्रम में शिरडी के बाद अब डहशसरेप स्थित प्रसिद्ध कचोरी सेंटर पर छापा मारा गया है. निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री के नमूने जब्त कर जांच के लिए भेजे गए हैं.
सूत्रों के अनुसार, अन्न व औषधी प्रशासन विभाग के आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देश पर राज्यभर में मिलावटखोरी और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत विभिन्न जिलों में लगातार छापेमारी की जा रही है. शेगांव के कचोरी सेंटर पर की गई इस कार्रवाई में कच्चे माल और तैयार खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए हैं. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट में यदि किसी प्रकार की मिलावट या अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.
स्थानीय स्तर पर यह कचोरी सेंटर काफी प्रसिद्ध है और शिर्डी की तरह ही शेगांव में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंचते हैं. इसी वजह से खाद्य गुणवत्ता की जांच को बेहद अहम माना जा रहा है. अधिकारियों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में संभाग स्तर पर एक साथ कई जिलों में छापेमारी की गई है, जिसमें बड़ी मात्रा में संदिग्ध और प्रतिबंधित खाद्य सामग्री जब्त की गई है. कई प्रतिष्ठानों को सील भी किया गया है. एफडीए की इस सख्त कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, जबकि प्रशासन का कहना है कि यह अभियान जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए आगे भी जारी रहेगा.





