अब सिर्फ पात्र किसानों को मिलेंगे खेत तालाब
लाभार्थी चयन समिति खत्म

* महाडीबीटी पर कंप्यूटराइज्ड लॉटरी से होगा चयन, मानवीय हस्तक्षेप पर रोक
अमरावती/दि.2– खेत तालाब योजना के लाभार्थियों के चयन को लेकर सरकार ने महत्वपूर्ण बदलाव किया है. राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत खेत तालाब के लिए लाभार्थियों का चयन करने वाली जिला स्तरीय लाभार्थी चयन समिति को समाप्त कर दिया गया है. अब पात्र किसानों का चयन महाडीबीटी पोर्टल के माध्यम से कंप्यूटराइज्ड और पारदर्शी लॉटरी प्रणाली से किया जाएगा.
इस बदलाव से लाभार्थी चयन प्रक्रिया में मानवीय हस्तक्षेप कम होने के साथ ही पात्र किसानों को सीधे योजना का लाभ मिलने की उम्मीद है. अब आवेदन, दस्तावेजों की जांच, पात्रता का सत्यापन, लॉटरी और प्रशासनिक मंजूरी की प्रक्रिया महाडीबीटी प्रणाली के माध्यम से पूरी की जाएगी.
* 2007-08 में शुरू हुई थी योजना
राज्य सरकार ने वर्ष 2007-08 में विदर्भ और मराठवाड़ा के 16 कपास उत्पादक जिलों में खेत तालाब योजना लागू करने को मंजूरी दी थी. खेत तालाब तैयार कर किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराना और इसके माध्यम से कृषि उत्पादन व किसानों की आय बढ़ाना इस योजना का प्रमुख उद्देश्य है.
* पहले समिति करती थी लाभार्थियों का चयन
योजना के तहत लाभार्थियों के चयन के लिए जिला स्तर पर समिति गठित की गई थी. इस समिति के माध्यम से पात्र किसानों के चयन की प्रक्रिया पूरी की जाती थी. अब डिजिटल व्यवस्था मजबूत होने के कारण इस समिति की आवश्यकता नहीं रहने की बात सरकार की ओर से स्पष्ट की गई है.
* महाडीबीटीसे होगी पूरी प्रक्रिया
महाडीबीटी पोर्टल पर किसानों द्वारा जमा किए गए आवेदन, आवश्यक दस्तावेज और पात्रता की जानकारी की जांच डिजिटल माध्यम से की जा सकती है. पात्र आवेदनों की स्क्रीनिंग के बाद कंप्यूटराइज्ड लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया जाएगा. इसके बाद प्रशासनिक मंजूरी की प्रक्रिया भी इसी डिजिटल प्रणाली से आगे बढ़ेगी.
* क्या है पात्रता?
खेत तालाब योजना का लाभ लेने के लिए किसान के नाम पर कम से कम 0.60 हेक्टेयर (1.5 एकड़) कृषि भूमि होना आवश्यक है. आवेदक महाराष्ट्र का निवासी होना चाहिए. किसान का आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक होना चाहिए. आवेदन और आवश्यक दस्तावेज महाडीबीटी पोर्टल पर उपलब्ध कराने होंगे.
* बारिश के अभाव में सिंचाई का सहारा
जिले में कई किसानों ने खेत तालाब योजना का लाभ उठाया है. खेत तालाब में जमा पानी का उपयोग फसलों की सिंचाई के लिए किया जाता है. बारिश में खंड पड़ने अथवा सूखे की स्थिति में खेत तालाब किसानों के लिए सिंचाई का महत्वपूर्ण साधन साबित हो सकता है.





