प्रभाग 17 में पानी की समस्या दूर करने नई पाइपलाइन की मांग
छाया कॉलोनी, पुरुषोत्तम नगर, वल्लभ नगर और पार्वती नगर में कम दबाव से परेशान नागरिक

अमरावती/दि.2 – शहर के प्रभाग क्रमांक 17 के पार्वती नगर क्षेत्र में आने वाली छाया कॉलोनी, पुरुषोत्तम नगर, वल्लभ नगर तथा आसपास के इलाकों में कम दबाव और अनियमित जलापूर्ति से नागरिक परेशान हैं. इस समस्या के तत्काल समाधान के लिए नगरसेविका एवं स्थायी समिति सदस्य प्रियंका भूषण पाटणे ने महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के संबंधित अधिकारियों को निवेदन सौंपकर नई पाइपलाइन बिछाने की मांग की है.
निवेदन में बताया गया है कि सुबह के समय जलापूर्ति होने के बावजूद पानी का दबाव बेहद कम रहने से घरों में पर्याप्त पानी नहीं भर पाता. वहीं कुछ क्षेत्रों में नियमित रूप से पानी नहीं पहुंचने के कारण नागरिकों को पीने और दैनिक उपयोग के पानी के लिए अन्य स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है.
* पुरानी पाइपलाइन क्षमता से कम
क्षेत्र में बढ़ती आबादी और तेजी से विकसित हो रही नई बस्तियों की तुलना में वर्तमान पुरानी और कम क्षमता वाली पाइपलाइन अपर्याप्त साबित हो रही है. इसके कारण पानी का दबाव कम होना, पाइपलाइन के अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंचना तथा जलापूर्ति व्यवस्था बार-बार बाधित होने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं.
* प्रत्यक्ष निरीक्षण कर तत्काल कार्रवाई की मांग
नगरसेविका प्रियंका पाटणे ने संबंधित अधिकारियों से परिसर का प्रत्यक्ष निरीक्षण करने तथा मौजूदा पाइपलाइन की क्षमता, पानी का दबाव और जलापूर्ति की स्थिति की जांच करने की मांग की है. आवश्यकता के अनुसार पुरानी पाइपलाइन के स्थान पर नई या वैकल्पिक पाइपलाइन बिछाने, पाइपलाइन की क्षमता बढ़ाने और आवश्यक स्थानों पर नई पाइपलाइन जोड़ने की मांग की गई है. इसके लिए आवश्यक अनुमानपत्र और प्रस्ताव तैयार कर मंजूरी लेने तथा जल्द से जल्द प्रत्यक्ष काम शुरू करने का आग्रह भी किया गया है. नागरिकों की इस अत्यावश्यक समस्या के समाधान के लिए भूषण अरविंद पाटणे और नगरसेविका प्रियंका भूषण पाटणे की ओर से लगातार प्रशासन के समक्ष फॉलोअप किए जाने की जानकारी दी गई है.





