‘बचेंगे तो और भी लडेंगे’

राहुल गांधी के फोन के बाद राहुल बोंद्रे की पोस्ट चर्चा में

* राजकीय ड्रामा और तेज हलचलें
* दिल्ली रवाना हो गए हैं पूर्व विधायक
बुलढाणा/दि.22 – जिले के वरिष्ठ कांग्रेस लीडर राहुल बोंद्रे के आज मुंबई में भाजपा में शामिल होने की खबर के बीच अचानक तेजी से राजकीय घटनाक्रम चला. कांग्रेस के बडे नेता राहुल गांधी की एक कॉल से सबकुछ बदल गया. न केवल दो बार के विधायक राहुल बोंद्रे ने अपना निर्णय बदल दिया, बल्कि उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी की. इस पोस्ट की सर्वत्र चर्चा हो रही है. खबर यह भी है कि, चिखली के विधायक रहे बोंद्रे ने अब कांग्रेस में ही रहने और बचेंगे तो और भी लडेंगे वाले अंदाज में कडा रुख व्यक्त कर दिया है. बुलढाणा जिले की राजनीति में हलचल मचाने वाले घटनाक्रम के बीच बताया जा रहा है कि, राहुल बोंद्रे दिल्ली के लिए प्रस्थान भी कर चुके हैं.
* आज होनेवाला प्रवेश रद्द
अब खबर आ रही है कि, आज मंगलवार को बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में होनेवाला राहुल बोंद्रे का भाजपा प्रवेश रद्द हो गया है. प्रत्येक राजकीय हलचल, बयान और गतिविधि इसके बाद चर्चा का विषय बनी है. प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो जवाब मिला कि, ‘मीटिंग में व्यस्त है.’
* रात में बदली फिजा
सोमवार शाम तक राहुल बोंद्रे के निवासस्थान पर हजारों की संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हो गए थे. उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का विजय असो की घोषणाएं दी. राहुल बोंद्रे के बीजेपी प्रवेश की बडी तैयारी की गई थी. 150 गाडियां मुंबई रवाना होने वाली थी, किंतु रात को ही इन वाहनों को रोका गया. कई कार्यकर्ता मुंबई जाने की तैयारी में थे, तभी पता चला कि, प्रवेश रद्द हो गया है. उपरांत संपूर्ण नियोजन बदल गया. इसी बीच राहुल गांधी और राहुल बोंद्रे के बीच फोन पर बातचीत हुई. इस संवाद के बाद संपूर्ण वातावरण बदल जाने की जानकारी दी जा रही है.
* बोंद्रे की पोस्ट चर्चित
राहुल बोंद्रे का फोन रात को स्वीचऑफ रहा. उन्होंने मीडिया से बात करने से इंकार कर दिया. किंतु आज सबेरे राहुल बोंद्रे ने अधिकृत सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट की. यह पोस्ट चर्चा का विषय बनी. जिसमें लिखा गया था, ‘राहुल गांधी की लडाई में सर्वस्व अर्पण करने की तैयारी.’ उसी प्रकार ‘बचेंगे तो और भी लढेंगे.’ यह दोनों ही संदेश चर्चा का विषय बने. भाजपा प्रवेश की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद राहुल गांधी के साथ हुई भावनात्मक बातचीत एवं उपरांत पोस्ट से बोंद्रे ने कांग्रेस के साथ ही रहने का राजकीय संदेश दिया है. जानकारी मिल रही है कि, राहुल गांधी ने बोंद्रे को कांग्रेस के साथ रहने का आवाहन किया.
* बोंद्रे हुए भावुक
राहुल गांधी के साथ बातचीत करते हुए राहुल बोंद्रे काफी भावना प्रधान हो जाने का वीडियो सामने आया है. बातचीत में राहुल गांधी को बोंद्रे ने स्पष्ट कह दिया कि, वे राहुल के साथ ही है. उन्होंने विश्वास दिलाया. उपरांत बोंद्रे की भूमिका में बदलाव हुआ. भाजपा प्रवेश रद्द हो गया. इस घटनाक्रम से चिखली की राजनीति एक बार फिर पूर्ण रुप से बदल जाने का चित्र है. उसी प्रकार अब बोंद्रे कौनसा राजकीय संघर्ष प्रारंभ करते हैं, इस ओर निगाहें टिकी है. सभी प्रश्नों के उत्तर आगामी दिनों में स्पष्ट हो जाएंगे. इतना जरुर है कि, एक ही रात में बुलढाणा जिले का राजकीय चित्र बदलते-बदलते रह गया. अमरावती संभाग शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र का इलेक्शन भी आज घोषित हो गया.

Back to top button