गणपति विसर्जन में रिवॉल्वर से हवाई फायरिंग
तांदुलवाड़ी का वीडियो जमकर हो रहा वायरल

विधायक संजय गायकवाड़ ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग
बुलढाणा/दि.29 – गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान कथित तौर पर हवा में रिवॉल्वर से गोली चलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है. यह वीडियो बुलढाणा तहसील के तांदुलवाड़ी गांव का बताया जा रहा है. मामले में विधायक संजय गायकवाड़ ने पुलिस से संबंधित युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
वीडियो में एक युवक गाने पर नाचने के बाद हाथ में रिवॉल्वर लेकर हवा में गोली चलाता दिखाई दे रहा है. इसके बाद वह एक बैनर लेकर फिर नाचता नजर आता है. गायकवाड़ के अनुसार, बैनर पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल का चित्र दिखाई दे रहा है और संबंधित युवक के कांग्रेस कार्यकर्ता होने की जानकारी सामने आई है.
विधायक गायकवाड़ ने कहा कि विसर्जन जुलूस में इस तरह गोली चलाना गंभीर मामला है और पुलिस को संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए. उन्होंने यह भी दावा किया कि घटना के बाद कुछ लोगों ने युवक की कथित तौर पर पिटाई की. हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान और घटना की पूरी परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी.





