मासोद गिट्टी खदान डैम में डूबे युवक का शव बरामद
डीडीआरएफ टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन

अमरावती/दि.12 – मासोद क्षेत्र स्थित गिट्टी खदान डैम (राजुरा तालाब) में डूबे युवक का शव जिला आपदा प्रतिक्रिया बल की टीम ने अथक प्रयासों के बाद शुक्रवार सुबह बरामद कर लिया. मृतक की पहचान अब्दुल वाहीद अब्दुल वहाब (38), निवासी ताज नगर क्रमांक-2, अमरावती के रूप में हुई है.
जानकारी के मुताबिक गुरुवार 11 जून को शाम करीब 6.40 बजे अब्दुल वाहीद काम समाप्त होने के बाद अपने साथियों के साथ डैम में नहाने गया था. नहाने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया, जिससे वह डूब गया. घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर गट नेता अब्दुल हमीद और हाफिज ताहेर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने पुलिस को सूचना देकर बचाव एवं खोज अभियान शुरू करवाया. घटना की जानकारी नियंत्रण कक्ष, जिलाधिकारी कार्यालय अमरावती को मिलते ही जिलाधिकारी आशिष येरेकर के निर्देश पर तथा निवासी उपजिलाधिकारी संतोष काकड़े और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी सुरेंद्र रामेकर के मार्गदर्शन में डीडीआरएफ खोज एवं बचाव दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया. टीम शाम करीब 7.05 बजे मौके पर पहुंची और तत्काल खोज अभियान शुरू कर दिया. तालाब की गहराई अधिक होने के कारण डीडीआरएफ के गोताखोरों ने गल और हुक की सहायता से तलाश शुरू की. हालांकि अंधेरा होने के कारण वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर रात में अभियान रोकना पड़ा.
शुक्रवार 12 जून को सुबह 6.05 बजे टीम दोबारा घटनास्थल पर पहुंची और खोज अभियान शुरू किया. करीब 6.15 बजे गोताखोरों को सफलता मिली और अथक प्रयासों के बाद अब्दुल वाहीद का शव तालाब से बाहर निकाला गया. इसके बाद शव को आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया. घटनास्थल पर खोज अभियान देखने के लिए बड़ी संख्या में नागरिकों की भीड़ जमा हो गई थी. अभियान के दौरान पुलिस प्रशासन तथा राजस्व विभाग का भी सहयोग प्राप्त हुआ. डीडीआरएफ टीम में सचिन धरमकर, विशाल निमकर, कौस्तुभ वैद्य, सुमित बांबल, आकाश निमकर तथा आपदा मित्र प्रफुल भुसारी शामिल थे.





