कुएं में गिरी महिला को दमकल दल ने सुरक्षित निकाला

अमरावती/दि.12 – भातकुली रोड स्थित पंचीबाई की वाड़ी, महाजनपुरा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक महिला के कुएं में गिरने की सूचना मिलते ही अमरावती मनपा के अग्निशमन दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. बचाई गई महिला की पहचान कांचन विहार परिसर निवासी आशा सुरेश दुधे (58) के रूप में हुई है. प्राथमिक बचाव के बाद उन्हें उपचार के लिए शासकीय अस्पताल भेजा गया.
जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 6.45 बजे अमरावती पुलिस कंट्रोल रूम से अग्निशमन मुख्यालय को सूचना मिली कि एक महिला कुएं में गिर गई है. सूचना मिलते ही अग्निशमन अधीक्षक अजय पंधरे के निर्देश पर फायर लॉरी क्रमांक एमएच-27/बीएक्स-7803 को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया. दमकल दल सुबह 6.48 बजे घटनास्थल पर पहुंचा. उस समय कुएं के आसपास पुलिस और स्थानीय नागरिकों की बड़ी संख्या में भीड़ जमा थी. अग्निशमन कर्मियों ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया. रस्सी की सीढ़ी की सहायता से फायरमैन राहुल घोडे कुएं में उतरे और अन्य साथियों के सहयोग से महिला की कमर में सुरक्षा रस्सी बांधकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया. अग्निशमन विभाग के अनुसार इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या चोट नहीं हुई है. मामले की आगे की जांच पुलिस कर रही है. रेस्क्यू अभियान में वाहन चालक नीलेश आजणे और संजय चव्हाण तथा फायरमैन मनीष उताणे, राहुल घोडे, अमोल निस्ताने और मोहम्मद ताहीर शामिल थे. उनकी तत्परता और साहस से महिला की जान बचाई जा सकी.