शहर के मुख्य मार्गों पर फैली गंदगी के खिलाफ शिवसेना उबाठा आक्रामक

रेल्वे स्टेशन-डेपो रोड पर शिवसैनिकों ने किया प्रतिकात्मक आंदोलन

* अमित शाह, स्मृति ईरानी, देवेंद्र फडणवीस के मुखौटे पहनकर की नारेबाजी
अमरावती/दि.12 – अमरावती रेलवे स्टेशन से डेपो रोड तक डिवाइडर के किनारे जमा कचरे और बढ़ती गंदगी के विरोध में शिवसेना उबाठा की ओर से शुक्रवार को प्रतीकात्मक आंदोलन किया गया. आंदोलन के माध्यम से मनपा का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया गया.
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों के अनुसार रेलवे स्टेशन-डेपो रोड शहर का अत्यंत व्यस्त मार्ग है. डिवाइडर के किनारे लंबे समय से कचरा जमा होने के कारण क्षेत्र में अस्वच्छता फैल रही है. वाहनों की लगातार आवाजाही से यह कचरा सड़क पर बिखर जाता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. आंदोलनकारियों ने कहा कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद संबंधित विभाग द्वारा समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया. उन्होंने मनपा से तत्काल कचरा हटाने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की. इस अवसर पर शिवसैनिकों ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, स्मृति ईरानी के मुखौटे पहनकर कचरा उठाते हुए जोरदार नारेबाजी की. इस प्रतिकात्मक आंदोलन में पूर्व पार्षद प्रदीप बाजड, नितीन तारेकर, राजेंद्र व्यवहारे, सागर ढोके, अभिजीत खर्चे, आदित्य वाटकर, हर्षद पाटील सहित क्षेत्र के व्यापारी, दुकानदार और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे. आंदोलन के दौरान शिवसेना पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही परिसर की सफाई नहीं की गई तो भविष्य में और तीव्र आंदोलन किया जाएगा. उन्होंने शहर के प्रमुख मार्गों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए मनपा प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की मांग की.

Back to top button