तेंदूए की खाल का टूकडा रखने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
हरिसाल वनपरिक्षेत्र के जवानों की कार्रवाई

अमरावती/दि.13 – गुगामल वन्यजीव विभाग अंतर्गत वन्यजीव अपराध नियंत्रण कक्ष, हरिसाल वनपरिक्षेत्र के वनकर्मी तथा एक स्वयंसेवी संस्था की संयुक्त कार्रवाई में तेंदूए की खाल का टूकडा अवैध रुप से रखने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. यह कार्रवाई शुक्रवार 12 जून को की गई.
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से तेंदूए की खाल का एक टूकडा बरामद किया गया. गिरफ्तार आरोपियों के नाम मध्यप्रदेश के बैतुल जिले में आने वाले चीरा ग्राम निवासी मांगीलाल किशोर इवणे (45), खंडवा जिले के ढालगांव निवासी दीपक बाबुलाल उईके (25) और धामागोलाई निवासी कमल रतन ठाकुर (31) है. वन अधिकारियों के मुताबिक मामले की जांच जारी है. जब्त की गई तेंदूए की खाल का स्त्रोत, इसके पीछे सक्रिय संभावित वन्यजीव तस्करी नेटवर्क तथा अन्य संबंधित व्यक्तियों की संलिप्तता की गहन जांच की जा रही है. यह कार्रवाई वन परीक्षेत्र अधिकारी शुभांगी राउत, दिनेश केंद्रे, स्वप्नील राउत, मुकेश जावरकर, अनंता नायसे, हरिसाल वनपरिक्षेत्र के राजेश धुमाले, मनीषा भुसुम, ज्योति भिकार तथा वन्यजीव प्रेमी चेतन भारती के दल ने की. गुगामल वन्यजीव विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि, वन्यजीवों के अंगों की अवैध शिकार, तस्करी, व्यापार या भंडारण जैसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल वनविभाग को दें. विभाग ने स्पष्ट किया है कि, वन्यजीवों के अंगों का अवैध कब्जा या व्यापार गंभीर और दंडनीय अपराध है.