ब्यूटी पार्लर संचालिका को 1.11 लाख का चूना

क्रेडिट कार्ड अपडेट के नाम पर ठगी

अमरावती/दि.15– शहर के वीएमवी रोड स्थित रेखा कॉलोनी में रहने वाली एक ब्यूटी पार्लर संचालिका साइबर ठगी का शिकार हो गई. खुद को बैंक अधिकारी बताने वाली एक महिला ने क्रेडिट कार्ड संबंधी जानकारी लेकर उनके खाते से 1 लाख 11 हजार 117 रुपये उड़ा लिए. इस मामले में गाडगेनगर पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
पुलिस के अनुसार, पीड़िता स्वाती (35) ब्यूटी पार्लर का संचालन करती हैं. व्यवसाय के लिए उन्होंने एसबीआई बैंक में खाता खुलवाया था और बैंक द्वारा उन्हें क्रेडिट कार्ड भी जारी किया गया था. 10 जून की दोपहर उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया. कॉल करने वाली महिला ने खुद को एसबीआई क्रेडिट कार्ड विभाग की अधिकारी बताया और बातचीत के दौरान पीड़िता का विश्वास जीत लिया. आरोपी महिला ने क्रेडिट कार्ड से संबंधित 581 रुपये की राशि वापस मिलने का झांसा देकर उन्हें अपने जाल में फंसा लिया. कुछ ही देर बाद पीड़िता का पेटीएम ऐप ब्लॉक हो गया. संदेह होने पर जब उन्होंने अपने मोबाइल पर आए बैंक संदेशों की जांच की तो पता चला कि उनके क्रेडिट कार्ड से 49 हजार 503 रुपये और एसबीआई खाते से 71 हजार 614 रुपये निकाल लिए गए हैं. इस तरह कुल 1 लाख 11 हजार 117 रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई. ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने गाडगेनगर पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ धोखाधड़ी और साइबर अपराध का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक वैशाली चव्हाण कर रही हैं. पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बैंक, क्रेडिट कार्ड या केवाईसी अपडेट के नाम पर आने वाले किसी भी संदिग्ध कॉल पर व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी साझा न करें.

Back to top button