मानसिक रूप से बीमार युवक पर चाकू से हमला

हालत गंभीर, आरोपी कुछ घंटों में गिरफ्तार

अमरावती /दि.15- राजापेठ थाना क्षेत्र में मानसिक रूप से बीमार एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने की घटना सामने आई है. गंभीर रूप से घायल युवक का निजी अस्पताल में उपचार जारी है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के अनुसार, घायल युवक की पहचान श्रीकांत जगदाले (45) निवासी श्मशान घाट परिसर के रूप में हुई है. वह मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जाता है और अक्सर कोल्हटकर कॉलोनी स्थित गार्डन में समय बिताता था. वहीं, आरोपी की पहचान ओम दीपक कुरवाने (18) निवासी कोल्हटकर कॉलोनी के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले श्रीकांत जगदाले और आरोपी के भाई के बीच गार्डन में विवाद हुआ था. इस दौरान कथित रूप से श्रीकांत ने आरोपी के भाई का गला दबा दिया था. इस घटना के बाद आरोपी ओम कुरवाने श्रीकांत से नाराज था और उसकी तलाश कर रहा था.
शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे श्रीकांत जगदाले कोल्हटकर कॉलोनी के गार्डन में अकेला बैठा हुआ था. इसी दौरान ओम कुरवाने बाइक से वहां पहुंचा और उस पर चाकू से हमला कर फरार हो गया. गंभीर रूप से घायल श्रीकांत किसी तरह गार्डन से बाहर निकला, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उसके परिजनों को सूचना दी. परिजनों ने उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. घटना की जानकारी मिलते ही राजापेठ पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की. लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने रात करीब 10 बजे आरोपी ओम कुरवाने को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है. घायल श्रीकांत जगदाले की हालत गंभीर बताई जा रही है.

Back to top button