नागपुर से लापता तीन युवतियां अमरावती में बरामद

पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच

अमरावती/दि.15 – नागपुर शहर से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई तीन युवतियों को अमरावती जिले के आष्टी क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर लिया गया है. इस कार्रवाई को नागपुर की गणेशपेठ पुलिस थाना और आष्टी पुलिस थाना ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया.
जानकारी के अनुसार, नागपुर के वलदारपुरा क्षेत्र की रहने वाली तीन युवतियां चार-पांच दिन पहले अचानक लापता हो गई थीं. परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद गणेशपेठ पुलिस थाने में उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों तथा अन्य सूचनाओं के आधार पर युवतियों की लोकेशन अमरावती जिले के आष्टी क्षेत्र में मिलने की जानकारी सामने आई. जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि युवतियां कथित रूप से अयान नामक युवक के संपर्क में थीं. इसके बाद नागपुर पुलिस ने आष्टी पुलिस से संपर्क कर संयुक्त अभियान चलाया और तीनों युवतियों को सुरक्षित बरामद कर लिया. बरामदगी के बाद युवतियों को आगे की पूछताछ और जांच के लिए नागपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया है.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवतियां नागपुर से आष्टी तक कैसे पहुंचीं, वहां जाने का उद्देश्य क्या था और अयान नामक युवक से उनका क्या संबंध है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवतियां अपनी मर्जी से गई थीं या उन्हें किसी प्रकार से बहला-फुसलाकर ले जाया गया था. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवतियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले के हर पहलू की गहन जांच जारी है. जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल तीनों युवतियां सुरक्षित हैं और पुलिस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सावधानीपूर्वक जांच कर रही है.

Back to top button