तीन महिलाओं समेत 7 लोगों ने की युवक की हत्या
तर्री के छींटों से शुरू हुआ विवाद

* मामूली कहासुनी ने लिया खूनी मोड़
* चाकू और लाठियों से हमला
नागपुर /दि.15- कलमना थाना क्षेत्र के भतरवाड़ा इलाके में रविवार को तर्री के छींटे पड़ने से शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. तीन महिलाओं समेत सात लोगों ने मिलकर एक 27 वर्षीय युवक पर जानलेवा हमला कर उसकी हत्या कर दी, जबकि उसके भाई सहित तीन अन्य लोग घायल हो गए. घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान योगेश बिरसिंग शाहू (27) के रूप में हुई है. वहीं लोकेश शाहू, राजा खोमन शाहू और रोहित आतरकर घायल हुए हैं. पुलिस ने इस मामले में शुभम पिलारे, राजेश पिलारे, सरिता पिलारे, शिवानी पिलारे, प्रफुल्ल बांते, शुभांगी बांते और महेश उर्फ मंगेश रहांगडाले के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है.
* नाश्ते की दुकान पर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार रविवार सुबह योगेश अपने दोस्तों के साथ गैस गोदाम परिसर स्थित एक नाश्ते की दुकान पर पोहे खाने गया था. इसी दौरान पोहे की तर्री के छींटे वहां मौजूद महेश के कपड़ों पर पड़ गए. इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. योगेश ने विवाद शांत करने का प्रयास करते हुए पुलिस थाने चलने की बात कही, लेकिन इससे महेश और भड़क गया. उसने अपने परिचितों को मौके पर बुला लिया. कुछ ही देर में कई लोग वहां पहुंच गए और योगेश व उसके साथियों के साथ मारपीट शुरू कर दी.
* चाकू से किए गए ताबड़तोड़ वार
घटना की जानकारी मिलने पर योगेश का भाई लोकेश भी मौके पर पहुंचा. इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों और मुक्कों से चारों युवकों की पिटाई की. इसी बीच आरोपी शुभम पिलारे घर से चाकू लेकर आया और उसने योगेश तथा लोकेश पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. हमले में गंभीर रूप से घायल योगेश और लोकेश खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने जांच के बाद योगेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है.
* पुलिस की चेतावनी के तीन दिन बाद वारदात
विशेष बात यह है कि तीन दिन पहले ही पुलिस उपायुक्त नित्यानंद झा ने क्षेत्र के अपराधियों की परेड लेकर उन्हें कानून हाथ में न लेने की सख्त चेतावनी दी थी. बताया जाता है कि मृतक योगेश भी उस बैठक में मौजूद था. इसके बावजूद महज तीन दिन बाद यह सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आ गई. कलमना पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाश अभियान चला रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है.