अमरावती संभाग में पहली बार होगा ‘पीएलएफएस’ और ‘एएसयुएसई’ सर्वेक्षण, नागरिकों से सहयोग की अपील

विभागीय आयुक्त नयना गुंडे के हाथों सर्वेक्षण का शुभारंभ

* नागरिकों से की सहयोग की अपील
अमरावती/दि.16 केंद्र सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय के मार्गदर्शन तथा ‘मित्रा’ और महाराष्ट्र शासन के सहयोग से अमरावती संभाग में पहली बार दो महत्वपूर्ण सर्वेक्षण शुरू किए जा रहे हैं. इनमें नियतकालिक श्रम शक्ति सर्वेक्षण और असंगठित क्षेत्र के उद्योगों का वार्षिक सर्वेक्षण शामिल हैं. यह सर्वेक्षण अप्रैल 2026 से मार्च 2027 तक चलाया जाएगा.
इस अवसर पर अमरावती संभाग की आयुक्त नयना गुंडे ने सर्वेक्षणों का शुभारंभ किया और नागरिकों से सर्वेक्षण कार्य में सहयोग करने की अपील की. अधिकारियों के अनुसार, इन सर्वेक्षणों से प्राप्त आंकड़े सरकार को रोजगार, श्रम बाजार और असंगठित क्षेत्र से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं की प्रभावी रूपरेखा तैयार करने में मदद करेंगे.
* पीएलएफएस सर्वेक्षण में क्या होगा?
नियतकालिक श्रम शक्ति सर्वेक्षण के तहत चयनित परिवारों से जानकारी लेकर श्रम बाजार से जुड़े महत्वपूर्ण संकेतकों का आकलन किया जाएगा. इसमें मुख्य रूप से श्रम शक्ति भागीदारी दर, कार्यकर्ता-जनसंख्या अनुपात और बेरोजगारी दर जैसे आंकड़े जुटाए जाएंगे. इन आंकड़ों के आधार पर भविष्य की रोजगार नीतियों को दिशा मिलेगी.
* एएसयूएसई सर्वेक्षण का उद्देश्य
असंगठित क्षेत्र के उद्योगों के वार्षिक सर्वेक्षण के तहत उत्पादन, व्यापार और सेवा क्षेत्र से जुड़े गैर-कृषि एवं असंगठित प्रतिष्ठानों की आर्थिक और कार्यात्मक जानकारी एकत्र की जाएगी. इससे इस क्षेत्र के विकास के लिए बेहतर योजनाएं तैयार करने में सहायता मिलेगी.
* नमूना पद्धति से होगा चयन
सर्वेक्षण के लिए महाराष्ट्र शासन ने इप्सोस रिसर्च प्राइवेट लिमिटेड को नियुक्त किया है. संस्था के अन्वेषक और पर्यवेक्षक नमूना पद्धति (सैंपल मेथड) से चयनित गांवों, शहरी वार्डों, परिवारों और प्रतिष्ठानों का दौरा कर निर्धारित प्रपत्रों में जानकारी एकत्र करेंगे. अधिकारी रविवार और सरकारी अवकाश के दिनों में भी परिवार प्रमुखों तथा उद्योग संचालकों से संपर्क कर सकते हैं. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों और उद्योगों से प्राप्त सभी व्यक्तिगत तथा व्यावसायिक जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और उसका उपयोग केवल सांख्यिकीय विश्लेषण तथा सरकारी योजनाओं के नियोजन के लिए किया जाएगा.
* आयुक्त नयना गुंडे की अपील
संभागीय आयुक्त नयना गुंडे ने कहा, इस राष्ट्रीय महत्व के सर्वेक्षण की गुणवत्ता नागरिकों द्वारा उपलब्ध कराई गई सही जानकारी और सहयोग पर निर्भर करती है. जिन परिवारों या उद्योगों से सर्वेक्षण दल संपर्क करेगा, वे बिना किसी भय के सही और सटीक जानकारी देकर इस महत्वपूर्ण सरकारी कार्य में अपना योगदान दें.

Back to top button