21 जून को अमरावती में मनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

निरोगी वृद्धावस्था के लिए योग

अमरावती /दि.16– केंद्र और महाराष्ट्र सरकार के संयुक्त तत्वावधान में 21 जून 2026 को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा. इस वर्ष योग दिवस की थीम निरोगी वृद्धावस्था के लिए योग रखी गई है, जबकि योग करें, निरोग रहें और आनंदमय जीवन जिएं का संदेश दिया जाएगा. जिले का मुख्य योग दिवस कार्यक्रम 21 जून को सुबह 6.15 बजे से 7.15 बजे तक मोर्शी रोड स्थित विभागीय क्रीड़ा संकुल में आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और योग क्षेत्र के वरिष्ठ विशेषज्ञ उपस्थित रहेंगे.
इस आयोजन का संचालन जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, एसआरपीएफ, महानगरपालिका, शिक्षा विभाग, वन विभाग, जिला होमगार्ड, राष्ट्रीय छात्र सेना, संत गाडगेबाबा अमरावती विश्वविद्यालय, पतंजलि योग समिति, आर्ट ऑफ लिविंग और क्रीड़ा भारती सहित विभिन्न योग एवं खेल संगठनों के सहयोग से किया जा रहा है. जिला क्रीड़ा अधिकारी गणेश जाधव ने जिले के सभी नागरिकों, खेल प्रेमियों, योग साधकों, प्रशिक्षकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों से कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है. उन्होंने बताया कि प्रतिभागी कार्यक्रम में आते समय अपनी पानी की बोतल तथा योग मैट या चटाई साथ लेकर आएं. अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अमरावती में हजारों लोगों के एक साथ योगाभ्यास करने की संभावना है, जिससे स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया जाएगा.

Back to top button