काजल हत्याकांड का आरोपी मैसेरा भाई जेल रवाना

मृतका का मोबाइल अब भी लापता

* कुछ अहम सबूत जुटाने में पुलिस जुटी
अमरावती/दि.17– शहर के बहुचर्चित काजल हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार 16 जून की दोपहर अदालत में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया. पांच दिन की पुलिस कस्टडी पूरी होने पर मंगलवार की दोपहर आरोपी चेतन सुनील थोरात (23, तेजस विहार, राजुरा) को अदालत के समक्ष पेश किया गया. जहां अदालत ने उसे एएमसीआर के तहत जेल रवाना करने का आदेश दिया. जानकारी के अनुसार इस हत्याकांड मामले ने शुरुआत से ही पूरे शहर में सनसनी फैला दी थी. लगातार 10 दिनों तक चली जांच और पूछताछ के बाद शहर अपराध शाखा ने मामले का खुलासा करते हुए मृतका के मौसेरे भाई चेतन थोरात को गिरफ्तार किया था. जांच के दौरान सामने आया कि, आरोपी एकतरफा लगाव के चलते मानसिक रुप से प्रभावित था और इसी वजह से उसने वारदात को अंजाम दिया. पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपी ने अपनी पहचान और अपराध छिपाने के उद्देश्य से शव को ठिकान लगाने की कोशिश भी की थी. जिससे जांच को भ्रमित किया जा सके. पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की वास्तविक वजह को लेकर पुलिस को कई बार गुमराह करने की कोशिश की. हालांकि अपराध शाखा ने परिस्थितिजन्य सबूत, तकनीकी जानकारी औश्र अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की कडियों को जोडते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई. हालांकि मामले की जांच अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है. पुलिस अब तक मृतका काजल का मोबाइल फोन बरामद नहीं कर सकी है. इसके अलावा कुछ अन्य महत्वपूर्ण सबूतों की जांच जारी है. जिनका संबंध आरोपी से जोडा जा रहा है. पुलिस का मानना है कि, शेष तकनीकी और सबूत मिलने के बाद मामले की चार्जशीट और अधिक मजबूत हो सकती है.

Back to top button