जल जीवन मिशन की पाइपलाइन को लेकर विवाद

चार पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

अमरावतीदि.17 – अमरावती ग्रामीण पुलिस के चांदूर रेलवे थाना क्षेत्र के लालखेड गांव में जल जीवन मिशन की पाइपलाइन बिछाने के कार्य को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. घटना में एक युवक पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने के बाद पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है.
जानकारी के मुताबिक शिकायतकर्ता निशांत बापूराव राठोड़ (23) ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि गांव में पाइपलाइन की खुदाई के दौरान विवाद हुआ था. इसी दौरान दारासिंग गोविंदा चव्हाण (51), पंकज दारासिंग चव्हाण (24), प्रफुल्ल बाबूसिंग चव्हाण (25) और जयसिंह गोविंदा चव्हाण (41) ने मिलकर उन पर हमला कर दिया.
आरोप है कि हमलावरों ने लाठी और लोहे के रॉड से निशांत की पिटाई की, जिससे उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं. विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों के साथ भी मारपीट और धक्का-मुक्की किए जाने की बात सामने आई है. घायल निशांत को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. मेडिकल रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच के आधार पर चांदूर रेलवे पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं, जिनमें हत्या के प्रयास की धारा भी शामिल है, के तहत अपराध दर्ज किया है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.

Back to top button