विश्व योग दिवस के उपलक्ष्य में राजकमल चौक पर योग महोत्सव
सोहम योगाभ्यासी मंडल का आयोजन

* मनपा महापौर श्रीचंद तेजवानी व स्थायी सभापति अविनाश मार्डीकर रहे उपस्थित
अमरावती /दि.17- विश्व योग दिवस के उपलक्ष्य में सोहम योगाभ्यासी मंडल द्वारा बुधवार, 17 जून को सुबह 6 बजे राजकमल चौक में भव्य योग महोत्सव का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में लगभग 100 योग साधकों ने सहभागिता करते हुए विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता अमरावती के महापौर श्रीचंद तेजवानी ने की. इस अवसर पर अमरावती मनपा की स्थायी समिति के सभापति अविनाश मार्डीकर प्रमुख रूप से उपस्थित थे. योग प्रशिक्षक दिलीप शेलोटकर ने अपने मार्गदर्शन में बताया कि परमपूज्य श्री जनार्दन स्वामी की प्रेरणा से निःशुल्क योग वर्ग संचालित किए जा रहे हैं. इन वर्गों में एक घंटे के दौरान शरीर की संरचना के अनुरूप विभिन्न योगासन सिखाए जाते हैं, जिससे रक्त संचार बेहतर होता है और अनेक शारीरिक रोगों से बचाव संभव होता है. मंडल के अध्यक्ष अविनाश मार्डीकर ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि निरोगी, आनंदमय और संतुलित जीवन जीने का माध्यम है. उन्होंने सभी नागरिकों से अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने का आह्वान किया.
महापौर श्रीचंद तेजवानी ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है तथा अनेक बीमारियों से मुक्ति मिल सकती है. उन्होंने सोहम योगाभ्यासी मंडल के इस सराहनीय उपक्रम की प्रशंसा करते हुए शहर के महिला-पुरुषों से योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की. कार्यक्रम के दौरान एक घंटे तक विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का सामूहिक अभ्यास कराया गया. मंच पर मंगेश मनोहरे, राजीव ठवरे तथा संध्याताई टिकले उपस्थित थीं. कार्यक्रम की सफलता के लिए सुनील नवले, डॉ. अनिरुद्ध शेलोटकर, दीपक जुमडे, भास्कर ठवरे, श्री लोणारे, रंजना जुमडे, ज्योति शेलोटकर, सुभाष भटकर तथा प्रदीप ठाकरे ने विशेष सहयोग प्रदान किया. अंत में मंगेश मनोहरे ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं योग साधकों का आभार व्यक्त किया.





