चांदुरबाजार तहसील में भारी बारिश और बिजली गिरने से बड़ा नुकसान

चांदुरबाजार /दि.19 – बुधवार शाम तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश ने चांदुरबाजार तहसील में भारी तबाही मचाई. कई स्थानों पर बिजली गिरने, पेड़ उखड़ने और घरों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं सामने आईं. इस प्राकृतिक आपदा में पशुओं की मौत हुई, जबकि सड़कों पर पेड़ गिरने से यातायात भी प्रभावित रहा.
मौजा जालनापुर के इमामपुर क्षेत्र स्थित सर्वे नंबर 10/2 में किसान संजय उत्तमराव चुंडे के खेत में बिजली गिरने से एक गाय और उसका बछड़ा मौके पर ही मर गए. वहीं, शिराजगांव कस्बा पार्ट-2 के अंतर्गत मांगिया गांव में नामदेव जगूजी निखाड़े के घर के सामने बंधे एक बैल की भी बिजली गिरने से मौत हो गई. तेज हवाओं के कारण कई घरों की टिन की छतें उड़ गईं, जिससे मकानों को नुकसान पहुंचा. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है.
बारिश और आंधी के चलते चांदुरबाजार-वटलाडकी मार्ग पर कई पेड़ सड़क पर गिर गए, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. लंबे समय तक वाहनों की कतारें लगी रहीं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. बाद में स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से सड़क पर गिरे पेड़ों को हटाया गया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका. अचानक आई इस तेज बारिश और आंधी से तहसील के कई क्षेत्रों में पेड़ उखड़ गए, जिससे किसानों की फसलों, पशुधन और मकानों को नुकसान पहुंचा है. प्रभावित लोगों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा देने की मांग की है.





