रविकांत तुपकर के आंदोलन के समर्थन में अमरावती में प्रदर्शन

मुख्यमंत्री का प्रतीकात्मक पुतला फूंका

अमरावती /दि.19- किसानों की कर्जमाफी की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के समर्थन में स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के पदाधिकारियों ने बुधवार को अमरावती जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया. इस दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का प्रतीकात्मक पुतला फूंककर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया.
संगठन के नेता रविकांत तुपकर के नेतृत्व में बुलढाणा में किसानों की कर्जमाफी के लिए अन्नत्याग आंदोलन चलाया जा रहा है. आंदोलन के समर्थन में अमरावती में भी किसानों और संगठन के कार्यकर्ताओं ने आक्रामक रुख अपनाया. बुधवार दोपहर संगठन के पदाधिकारी जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और मुख्य प्रवेश द्वार के सामने प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री का प्रतीकात्मक पुतला जलाया.
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारी कपिल पदघम ने कहा कि किसानों की कर्जमाफी की मांग लंबे समय से लंबित है, लेकिन सरकार इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही है. उन्होंने कहा कि बुलढाणा में रविकांत तुपकर किसानों की मांगों को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं, फिर भी सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. पदघम ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया और तुपकर के आंदोलन की अनदेखी जारी रही, तो स्वाभिमानी शेतकरी संगठन राज्यभर में आंदोलन को और तेज करेगा. प्रदर्शन के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी और कृषि संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग दोहराई.

Back to top button