अमरावती में अपराधियों पर शिकंजा कसने की तैयारी
पुलिस आयुक्त राकेश ओला के निर्देश पर अपराध शाखा की दोनों यूनिटें सक्रिय

अमरावती/दि.18- शहर में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने और आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस आयुक्त राकेश ओला के निर्देश पर अमरावती पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है. अमरावती पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत आने वाले सभी 10 पुलिस थानों के अपराध रिकॉर्ड की समीक्षा की जा रही है और अपराध शाखा की दोनों यूनिटों को अपराधियों की सूची तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
जानकारी के मुताबिक अपराध शाखा की टीमें प्रत्येक थाने से हिस्ट्रीशीटर, निगरानी बदमाशों तथा गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों की जानकारी एकत्र कर रही हैं. पुराने रिकॉर्ड को अपडेट करने के साथ-साथ हाल के वर्षों में गंभीर अपराधों में शामिल हुए नए आरोपियों के नाम भी सूची में जोड़े जा रहे हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नियमित निगरानी और पेशी व्यवस्था से शहर की कानून-व्यवस्था मजबूत होगी, अपराधियों में पुलिस का भय बना रहेगा और नागरिकों में सुरक्षा की भावना बढ़ेगी. आने वाले दिनों में सैकड़ों चिन्हित अपराधियों की पेशी शुरू होने की संभावना है, जिससे अपराध जगत में हलचल मच गई है.
* गंभीर अपराधियों पर विशेष निगरानी
पुलिस हत्या, हत्या के प्रयास, जानलेवा हमला, चोरी, घरफोड़ चोरी, लूट, खंडणी वसूली, भाईगिरी, दहशत फैलाने, आर्म्स एक्ट तथा अन्य गंभीर मामलों में शामिल आरोपियों को चिन्हित कर रही है. ऐसे अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और समय-समय पर उनकी समीक्षा की जाएगी.
* जल्द शुरू होगी नियमित पेशी
अपराध शाखा द्वारा तैयार सूची के आधार पर चिन्हित अपराधियों को नियमित रूप से संबंधित थानों में पेशी के लिए बुलाया जाएगा. पेशी के दौरान उनकी वर्तमान गतिविधियों, संपर्कों और आपराधिक प्रवृत्तियों की जानकारी जुटाई जाएगी. पुलिस का मानना है कि इस प्रक्रिया से अपराधियों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनेगा और अपराध की पुनरावृत्ति को रोकने में मदद मिलेगी.
* जेल से छूटे अपराधियों पर भी नजर
पुलिस विशेष रूप से उन अपराधियों पर ध्यान केंद्रित कर रही है जो जेल से बाहर आने के बाद फिर से आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गए हैं या जिनकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गई हैं. ऐसे व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी. आवश्यकता पड़ने पर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई या तड़ीपार जैसी कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है.
* किन अपराधियों पर रहेगी पुलिस की नजर?
– हत्या के मामलों के आरोपी
– हत्या के प्रयास और जानलेवा हमले के आरोपी
– चोरी और घरफोड़ चोरी में शामिल अपराधी
– लूट और फिरौती वसूली करने वाले आरोपी
– भाईगिरी और दहशत फैलाने वाले तत्व
– आर्म्स एक्ट के आरोपी
– आदतन और निगरानी बदमाश





