कच्ची सडकों पर किचड न होने के लिए प्रत्येक जोन में 10 लाख का मुरुम डाला जाएगा
पांचों जोन के लिए 50 लाख की निधि मंजूर

* मनपा की बारिश से पूर्व की तैयारी
अमरावती /दि.19- बारिश के दिनों में शहर के विविध क्षेत्रों में सडकों पर गड्ढे पड जाते हैं तो कुछ स्थानों पर अनेक क्षेत्रों में अभी भी कच्ची सडके होने के कारण वहां कीचड व गड्ढों में पानी भरा होने के कारण मार्ग निकलना कठिन होता है. इसी संदर्भ में मनपा ने बारिश से पूर्व आवश्यक तैयारी कर ली है तथा शहर के पांचों जोन में 50 लाख रुपयों का मुरुम डालने के लिए निधि मंजूर की है. तदनुसार प्रत्येक जोन को अब 10 लाख रुपयों की निधि मिलेगी तथा ठेकेदार की नियुक्ति भी की गई है.
बारिश के दिनों को ध्यान में रखते हुए शहर में कहीं भी जनहानि, दुर्घटना न हो इस दृष्टि से जहां कीचड व गड्ढे पडे हुए हैं, ऐसे स्थानों पर मुरुम डालकर व्यवस्था करने की दृष्टि से शहर के पांचों जोन के लिए 50 लाख रुपयों की निधि मंजूर की गई है. यह निधि मनपा आयुक्त वर्षा लढ्ढा के आदेश पर निर्माणकार्य विभाग की ओर से शहर अभियंता रवींद्र पवार के मार्फत 1 जोन को 10 लाख रुपए, इस प्रकार 5 जोन के लिए 50 लाख रुपए की निधि का प्रावधान किया गया है. इस निधि से नगरसेवक अथवा नागरिकों द्वारा दिए गए पत्र के बाद संबंधित स्थान पर गड्ढे बुझाने के लिए मुरुम डाली जाएगी. पांचों जोन में मुरुम डालने का ठेका एक ही कंपनी को दिया गया है. जिसके कारण बारिश से पूर्व किए जानेवाली आवश्यक तैयारियां शुरु होने की जानकारी शहर अभियंता रवींद्र पवार ने दी हैं.





