अमरावती में स्कूल पूर्व तैयारी बैठक को मिला उत्साहपूर्ण प्रतिसाद
शिक्षा विभाग की अभिनव योजनाओं पर विस्तृत मार्गदर्शन

अमरावती /दि.19 – आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 को सफल, गुणवत्तापूर्ण और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को अमरावती स्थित सिपना अभियांत्रिकी महाविद्यालय में जिले के सभी मुख्याध्यापकों, प्रधानाचार्यों एवं शिक्षण संस्थाओं के प्रमुखों की भव्य स्कूल पूर्व तैयारी बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी प्रिया देशमुख ने की.
बैठक में आगामी शैक्षणिक वर्ष के दौरान प्रत्येक विद्यालय में लागू किए जाने वाले शैक्षणिक, प्रशासनिक तथा नवाचार आधारित कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई. शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं मुख्याध्यापक संघ के पदाधिकारियों ने विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन देते हुए विद्यालयों को स्पष्ट दिशा प्रदान की. मुख्याध्यापक संघ के सचिव प्रदीप नानोटे ने स्कूल प्रवेशोत्सव, स्वच्छता अभियान, इको क्लब, एक पेड़ मां के नाम अभियान तथा स्कूल प्रबंधन समिति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन किया. उन्होंने विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया. डायट के वरिष्ठ अधिव्याख्याता पवन मानकर ने पीजीआई एवं निपुण महाराष्ट्र कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आवश्यक पहलुओं को विस्तार से समझाया. वहीं मुख्याध्यापक संघ के सहसचिव गजानन मानकर ने एसक्यूएएएफ के तहत विद्यालयों की गुणवत्ता बढ़ाने के मानकों पर प्रकाश डाला.
उपशिक्षणाधिकारी रजनी शिरभाते ने आनंददायी शनिवार, आपदा प्रबंधन, तंबाकूमुक्त विद्यालय तथा पाठ्यपुस्तक वितरण जैसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़े विषयों पर जानकारी दी. उपशिक्षणाधिकारी इमरान खान ने स्टाफ मान्यता, विभिन्न समितियों, पूर्व विद्यार्थी संघ तथा वार्षिक निरीक्षण संबंधी महत्वपूर्ण मुद्दों पर मार्गदर्शन किया. उपशिक्षणाधिकारी निखिल मानकर ने शिक्षा विभाग से जुड़े विविध महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए मुख्याध्यापकों की शंकाओं का समाधान किया. बैठक के समापन अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी प्रिया देशमुख ने पूरे कार्यक्रम का सार प्रस्तुत किया. उन्होंने उच्च स्तर से प्राप्त निर्देशों, जिले में लागू किए जाने वाले नवाचारों तथा उनकी प्रभावी क्रियान्वयन प्रक्रिया पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया. उनके नेतृत्व में जिले की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलने की भावना उपस्थित शिक्षकों और अधिकारियों में स्पष्ट रूप से दिखाई दी.
बैठक के दौरान शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों के विकास, विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने तथा मुख्याध्यापकों को प्रभावी नेतृत्व प्रदान करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई. अधिकारियों के समन्वित और सकारात्मक कार्यप्रणाली के कारण जिले में शिक्षा क्षेत्र के प्रति आशावादी वातावरण बनने की बात भी सामने आई. कार्यक्रम का संचालन मुख्याध्यापक संघ के सचिव प्रदीप नानोटे ने किया. प्रस्तावना मुख्याध्यापक संघ के अध्यक्ष प्रवीण दिवे ने रखी, जबकि आभार प्रदर्शन अमरावती महानगर अध्यक्ष सूफी मजहर अली ने किया. बैठक में जिले भर के विद्यालयों के मुख्याध्यापक, प्रधानाचार्य एवं शिक्षण संस्थाओं के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. इस अवसर पर विश्वास व्यक्त किया गया कि आगामी शैक्षणिक वर्ष अधिक प्रभावी, समृद्ध और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी सिद्ध होगा.





