मानसून सीजन से पहले चिखलदरा में नियोजन बैठक नहीं

पर्यटन व्यवसायियों में नाराजगी

चिखलदरा /दि.20– मानसून पर्यटन के लिए प्रसिद्ध चिखलदरा में बारिश का सीजन शुरू होने वाला है, लेकिन पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए अब तक कोई नियोजन बैठक आयोजित नहीं होने से स्थानीय पर्यटन व्यवसायियों में नाराजगी बढ़ गई है. होटल व्यवसायियों और व्यापारियों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तत्काल बैठक बुलाने की मांग की है.
करीब एक माह पूर्व चिखलदरा दौरे पर आए जिलाधिकारी आशीष येरेकर ने शासकीय गार्डन, रानी पार्क, कालापानी, लवर्स प्वाइंट, सनसेट प्वाइंट और अन्य पर्यटन स्थलों का निरीक्षण किया था. इस दौरान पत्रकारों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने उन्हें जुलाई से शुरू होने वाले मानसून पर्यटन सीजन को देखते हुए पूर्व नियोजन बैठक आयोजित करने का सुझाव दिया था. बताया जाता है कि जिलाधिकारी ने मौके पर ही अपने पीए को फोन कर जून माह के अंत में बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए थे. उस समय नगराध्यक्ष अब्दुल भाई सहित अन्य स्थानीय प्रतिनिधि भी मौजूद थे. पर्यटन व्यवसायियों को उम्मीद थी कि होटल संचालकों, व्यापारियों और संबंधित विभागों को साथ लेकर व्यापक योजना बनाई जाएगी, लेकिन जून समाप्ति की ओर है और अब तक कोई बैठक नहीं हुई.
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्ष 2025 में परतवाड़ा से चिखलदरा मार्ग पर लगभग 10 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया था. मामला राष्ट्रीय मीडिया तक पहुंचने के बाद प्रशासन हरकत में आया और व्यवस्था सुधारने के प्रयास किए गए. हालांकि, उस घटना के बाद कई पर्यटकों ने चिखलदरा आना कम कर दिया, जिससे होटल और पर्यटन व्यवसाय को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा. होटल ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अल्हाद कलोती और अन्य व्यवसायियों ने प्रशासन से मांग की है कि पिछले वर्षों की समस्याओं को देखते हुए तत्काल नियोजन बैठक बुलाई जाए. उनका कहना है कि यदि समय रहते पार्किंग, यातायात, सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था नहीं की गई तो पर्यटकों को परेशानी होगी और पर्यटन उद्योग को नुकसान उठाना पड़ सकता है. व्यवसायियों ने पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले और जिलाधिकारी आशीष येरेकर से हस्तक्षेप कर जल्द से जल्द समन्वय बैठक आयोजित करने की मांग की है, ताकि मानसून सीजन में आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और स्थानीय व्यवसायों को भी लाभ हो.

* होटल व्यवसायियों का स्पष्टीकरण
होटल ओनर्स एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि चिखलदरा के अधिकांश व्यवसायी पर्यटकों को उचित सेवाएं प्रदान करते हैं और पर्यटकों के साथ किसी प्रकार की ठगी या लूटपाट को बढ़ावा नहीं दिया जाता. यदि कोई व्यक्ति अधिक कीमत वसूलता है या पर्यटकों को गुमराह करता है तो उसकी जानकारी और प्रमाण एसोसिएशन को उपलब्ध कराए जाएं, ताकि उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके.

Back to top button