स्मार्ट मीटर लगाने के अभियान को तत्काल स्थगित किया जाए
नागरिकों की मांग, विधायक गजानन लवटे को सौंपा ज्ञापन

अंजनगांव सुर्जी/दि.20 – तहसील में महावितरण द्वारा चलाए जा रहे स्मार्ट मीटर लगाने के अभियान को लेकर नागरिकों में भारी नाराजगी और भ्रम की स्थिति निर्माण हुई है. इस अभियान को तत्काल स्थगित किए जाने की मांग महिला चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से समस्त नागरिकों के प्रतिनिधित्व में दर्यापुर-अंजनगांव सुर्जी विधानसभा क्षेत्र के विधायक गजानन लवटे से की गई है. जिसमें इस आशय का ज्ञापन उन्हें सौंपा गया.
ज्ञापन में कहा गया है कि, तहसील में आज भी बार-बार बिजली कटौती, कम वोल्टेज की समस्या, तकनीकी खराबियां, जले हुए ट्रांसफार्मरों की समय पर मरम्मत न होना तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का संतोषजनक समाधान न होना जैसी अनेक मूलभूत समस्याएं बनी हुई है. ऐसे में इन समस्याओं का समाधान किए बगैर स्मार्ट मीटर लगाने की जल्दबाजी क्यों, की जा रही है, यह सवाल नागरिकों द्वारा उठाया जा रहा है.
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि, स्मार्ट मीटर के कारण भविष्य में प्रिपेड बिजली प्रणाली लागू होने की संभावना, बढे हुए बिजली बिल, गलत रिडिंग की शिकायते, तकनीकी समस्याएं तथा आम और मध्यम वर्गीय उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पडने की आशंका नागरिकों में व्याप्त है. नागरिकों की शंकाओं और आपत्तियों का समाधान किए बिना इस अभियान को चलाना उचित नहीं है.
इसके अलावा राज्य सरकार द्वारा स्मार्ट मीटर लगाना अनिवार्य नहीं होने की बात स्पष्ट किए जाने के बावजूद तहसील में इस अभियान को तेजी से चलाया जा रहा है. जिससे नागरिकों में असंतोष है. ज्ञापन में इस अभियान को लेकर विधायक गजानन लवटे से मांग की गई है कि, वे इस विषय में तत्काल हस्तक्षेप करें. शासन एवं महावितरण प्रशासन के समक्ष इस मुद्दे को उठाए और स्मार्ट मीटर लगने के अभियान को स्थगित कराए.