इंस्टाग्राम पर ’भाईगिरी’ दिखाने वाली रील को लेकर विवाद

युवक पर लाठी से हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार

* नागपुरी गेट थाना क्षेत्र की घटना
अमरावती/दि.20 – अमरावती शहर के नागपुरी गेट थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर अपलोड की गई भाईगिरी वाली रील को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है. पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक 18 जून को शाम करीब 5 बजे लालखड़ी निवासी 19 वर्षीय सोहेल उर्फ जफर बेग रेलवे पटरी के पास बैठा था. इसी दौरान रेहान, काशिफ और रेहमान वहां पहुंचे. आरोपियों ने पीड़ित से इंस्टाग्राम पर भाईगिरी दिखाने वाली रील भेजने और उसे वायरल करने को लेकर सवाल-जवाब शुरू कर दिया. विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए सोहेल पर हमला कर दिया. मुख्य आरोपी ने लकड़ी के डंडे से उसके सिर पर वार किया, जबकि अन्य दो आरोपियों ने लाथों-घूसों से मारपीट की. हमले में युवक घायल होकर नीचे गिर पड़ा. घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर नागपुरी गेट पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्जकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.

Back to top button