एमडी तस्करों पर पुलिस ने शिकंजा कसा

अपराध शाखा में पेशी के दौरान सख्त चेतावनी

अमरावती/दि.20 – शहर में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अब आक्रामक रुख अपना लिया है. नशे का जाल फैलाने वाले और एनडीपीएस मामलों में शामिल आरोपियों पर लगातार नजर रखी जा रही है. इसी कड़ी में अपराध शाखा यूनिट-1 ने एमडी (मेफेड्रोन) तस्करी और नशीले पदार्थों के कारोबार से जुड़े आरोपियों को कार्यालय में तलब कर उनकी पेशी ली.
पुलिस निरीक्षक दिनेश दहातोंडे के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई के दौरान आरोपियों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी गई कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी. पुलिस ने साफ कर दिया है कि शहर में नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी. पेशी के लिए बुलाए गए आरोपियों में सय्यद अल्तमश सय्यद गफार (24), समीर खान शमीम खान (20), शोएब खान उर्फ बच्चू कडू जमीर खान (24) तथा मोहम्मद सूफियान उर्फ गोलू मोहम्मद मन्नान (24) शामिल हैं. सभी आरोपी अमरावती शहर के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं और एनडीपीएस से जुड़े मामलों में उनका नाम सामने आया है.
अपराध शाखा के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह केवल शुरुआत है. आने वाले दिनों में नशीले पदार्थों के मामलों में शामिल अन्य आरोपियों को भी नियमित रूप से पेशी के लिए बुलाया जाएगा. पुलिस का उद्देश्य अपराधियों की गतिविधियों पर नियंत्रण रखना, उनकी हरकतों पर नजर बनाए रखना और शहर में फैल रहे नशे के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करना है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों और उनके नेटवर्क के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा. अपराध शाखा की इस सख्त कार्रवाई से नशे के कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है, जबकि आम नागरिकों ने पुलिस के इस कदम का स्वागत किया है.

Back to top button