माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में विश्व योग दिवस मनाया
गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी व पत्रकारों ने लिया सहभाग

अंजनगांव सुर्जी/दि.22 – स्थानीय नगर परिषद माध्यमिक विद्यालय के विशाल प्रांगण में रविवार 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. ‘योग करें – निरोग रहे’ का संदेश देनेवाले इस कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक सहभाग लिया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगराध्यक्ष अविनाश गायगोले ने की. कार्यक्रम में उपाध्यक्षा श्रीमती प्रियंका शंकर मालठाणे, मुख्याधिकारी विजय लोहकरे, उपविभागीय पुलिस अधिकारी मनीष ठाकरे सहित नगर परिषद के सभापति, पदाधिकारी, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे. योग दिवस पर आयोजित विशेष योग प्रशिक्षण सत्र में प्रसिद्ध योग प्रशिक्षक प्रशांत सिनकर ने उपस्थितों का मार्गदर्शन किया. उनके मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास कराया गया. योग क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए अनेक पुरस्कारों से सम्मानित प्रशांत सिनकर की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम को विशेष महत्व प्राप्त हुआ.
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करनेवाली कु. प्रतीक्षा रंगारी की विशेष उपस्थिति रही. उनके योग क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान का उपस्थित मान्यवरों ने सम्मान कर उन्हें शुभकामनाएं दी. कार्यक्रम के दौरान विभिन्न मान्यवरों का सत्कार किया गया. जिसमें मुख्याधिकारी विजय लोहकरे का स्वागत उपमुख्याधिकारी गोविंद त्रिपुरारी तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी मनीष ठाकरे का स्वागत गजानन चक्रनारायण ने किया. वहीं योग खिलाडी भेलांडे सर का स्वागत नगराध्यक्ष अविनाश गायगोले ने किया एवं भास्करराव बोंद्रे का स्वागत उपाध्यक्ष प्रियंका मालठाणे ने किया व योग प्रशिक्षक प्रशांत सिनकर का स्वागत क्षीतिज खेरे एवं प्रतीक्षा रंगारी का स्वागत प्रिया टाक ने किया.





