पति के बाद इकलौते बेटे की दुर्घटना में मौत

वरुड-मोर्शी मार्ग पर जामगांव नागझीरी फाटा की घटना

मोर्शी /दि.22– कोरोना काल में पति के निधन के बाद इकलौते बेटे की सडक दुर्घटना में मृत्यु होने की घटना वरुड-मोर्शी मार्ग पर जामगांव नागझीरी फाटा के पास 18 जून की रात घटित हुई. हादसे में मृत युवक का नाम मोर्शी के समर्थ कालोनी निवासी अनिकेत बनसोड (19) है.
जानकारी के मुताबिक अनिकेत यह 18 जून की सुबह अपनी दुपहिया से वरुड शहर में एक विवाह समारोह में वीडियो शूटींग व फोटोग्राफी के लिए गया था. काम निपटाकर वह रात 10 बजे दुपहिया से वरुड से बेनोडा मार्ग होते हुए मोर्शी आ रहा था. तब जामगांव नागझीरी फाटा के पास अचानक जंगली सुअर दुपहिया के सामने आ जाने से अनिकेत का गाडी पर से संतुलन बिगड गया. इस हादसे में जंगली सुअर की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. वहीं अनिकेत गंभीर रुप से घायल हो गया. दुर्घटना के बाद मार्ग से पीछे से आ रहे वाहन चालक ने अनिकेत के मोबाइल से रिश्तेदार को फोन कर दुर्घटना की जानकारी दी. उसे 15 किमी दूरी पर वरुड के अस्पताल में भर्ती किया गया. वहां से अमरावती निजी अस्पताल में भर्ती किया गया. 20 जून की रात अनिकेत ने उपचार के दौरान दम तोड दिया. मोर्शी के स्मशान भूमि पर रविवार को शोकाकुल वातावरण में उसकी अंत्येष्टि की गई.

* ममेरे भाई के कार्यक्रम में आ रहा था मोर्शी
मृतक अनिकेत बनसोड के ममेरे भाई का हल्दी का कार्यक्रम 19 जून को मोर्शी में संपन्न होने वाला था. इसके लिए वह वरुड से 18 जून की रात ही मोर्शी वापिस लौटने के लिए रवाना हुआ था. ऐसे में बीच रास्ते उस दुर्घटना में उसकी मृत्यु हो गई.

Back to top button