कौंडण्यपुर रुक्मिनी माता पालखी का पंढरपुर प्रस्थान

अंबा रुक्मिनी महोत्सव समिति ने किया स्वागत व महाआरती

* 432 वर्षों की अविरत परंपरा कायम
* भाजपा जिलाध्यक्ष रविराज देशमुख व गायत्री देशमुख के हस्ते वारकरियों का यथोचित सम्मान
प्रतिनिधि/दि.22
कौंडण्यपुर – टाल-मृदंग व वीणा के निनाद और ‘रुक्मिनी माता का जयघोष’ करते हुए भक्तिमय वातावरण में श्री क्षेत्र कौंडण्यपुर से शुक्रवार 19 जून को माता रुक्मिनी की पालखी ने पंढरपुर की ओर प्रस्थान किया. 432 वर्षों की अविरत परंपरा को कायम रखते हुए माता रुक्मिनी की पालखी यात्रा में हजारों वारकरी शामिल हुए और पंढरपुर के लिए प्रस्थान किया.
सुबह से ही मंदिर परिसर में भाविकों की भीड उमडने लगी. श्री विठ्ठल-रुक्मिनी मंदिर समिति की ओर से माता रुक्मिनी की विधिवत पूजा-अर्चना कर साडी-चोली अर्पित की गई और ओटी भरकर मायके से बेटी को ससुराल बिदा करने की परंपरा के अनुसार पालखी को भावपूर्ण बिदाई दी गई. इस समय उपस्थित भाविकों की आंखों से आंसू निकल आए. मंदिर परिसर से पालखी प्रस्थान होने के बाद गांव में जगह-जगह पर ग्रामवासियों ने पालखी का उत्स्फूर्त स्वागत किया. चौक-चौराहों पर रंगोली साकार की गई और पुष्पवर्षा कर पालखी का स्वागत किया गया तथा ग्रामवासियों की ओर से जगह-जगह पर शरबत का वितरण भी किया गया.
महिला भजन मंडली के फुगडी और भक्तिगीतों से वातावरण भक्तिरस में डूब गया. टाल-मृदंग के निनाद और विठ्ठल-विठ्ठल के नामस्मरण से संपूर्ण परिसर गूंज उठा. पालखी पांचपावली स्थल पर पहुंचते ही अंबा रुक्मिनी महोत्सव समिति व रविराज देशमुख मित्र परिवार तथा भाविकों की ओर से पालखी का भव्य स्वागत किया गया और जमकर आतिषबाजी की गई. इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रविराज देशमुख व उनकी पत्नी गायत्री देशमुख के हस्ते पालखी का पूजन किया गया और पालखी यात्रा में शामिल भाविकों का यथोचित सम्मान किया गया.
कौंडण्यपुर से पंढरपुर यह पालखी समारोह केवल धार्मिक परंपरा नहीं है, बल्कि विदर्भ की संस्कृति और आध्यात्मिक का प्रतीक माना जाता है. पिछले 432 वर्षों से अविरत परंपरा कायम रखनेवाली पालखी हजारों वारकरियों को भक्ति, श्रद्धा और संस्कारों की प्रेरणा देती है. माता रुक्मिनी की इस पालखी को पंढरपुर में महत्व का स्थान है. गुरु पुर्णिमा के दिन यह पालखी भगवान विठ्ठल के गर्भगृह में रहती है और वहां भक्तिभाव से पालखी का पूजन किया जाता है.
श्री क्षेत्र कौंडण्यपुर से पालखी के प्रस्थान के समय अंबा रुक्मिनी महोत्सव समिति के अध्यक्ष व भाजपा जिलाध्यक्ष रविराज देशमुख, हभप संजय महाराज ठाकरे, हभप पंकज महाराज महल्ले, श्री विठ्ठल-रुक्मिनी मंदिर समिति अध्यक्ष नामदेवराव अंबालकर, सरपंच प्रेमदास राठोड, अक्षय पुंडेकर एवं अंबा रुक्मिनी महोत्सव समिति के पदाधिकारी, ग्रामवासी और भाविक-श्रद्धालु बडी संख्या में उपस्थित थे.

Back to top button