नई कार्यकारिणी का पदग्रहण समारोह धूमधाम से संपन्न
अंबानगरी फोटो-वीडियोग्राफर्स एसोसिएशन

* अध्यक्ष गजानन अंबाडकर और सचिव प्रशांत टाके बने
अमरावती/दि.22 – अंबानगरी फोटो-वीडियोग्राफर्स एसोसिएशन, अमरावती की वर्ष 2026 की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का पदग्रहण समारोह रविवार को मराठी पत्रकार भवन, वालकट कंपाउंड में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. समारोह में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्ति, पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.
कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व विधायक बी. टी. देशमुख तथा मोर्शी के छायाचित्रकार अनिकेत विजयराव बंसोड को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई. समारोह की अध्यक्षता जयंतराव दलाल ने की. इस अवसर पर नाना उर्फ विजय चौधरी, रामेश्वरराव गुल्हाने तथा एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष नीलश्यामजी चौधरी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे. अतिथियों के हाथों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का सम्मान किया गया और उन्हें पदभार सौंपा गया. नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष गजानन अंबाडकर, उपाध्यक्ष प्रतीक रोहणकर, महेंद्र मोहोड, निखिल तिवारी, सचिव प्रशांत टाके, सह सचिव राहुल पालेकर, कोषाध्यक्ष शुभम विलास डोईफोडे तथा सह कोषाध्यक्ष के रुप में अनंत जामोदकर की नियुक्ति की गई है. कार्यकारिणी सदस्यों में नितेश झा, सोहेल अहमद, स्वप्नील मनवर, रोशन अग्रवाल, पवन देशमुख, मोहन देशमुख, सागर काजले, मोहन कोहले और प्रशांत गजबिये का समावेश है.
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत बनाने, फोटोग्राफर एवं वीडियोग्राफर समुदाय के हितों की रक्षा करने तथा व्यवसाय के विकास के लिए कार्य करने का आह्वान किया. नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने भी संगठन के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया. कार्यक्रम का संचालन मनीष जगताप ने किया, जबकि सचिव प्रशांत टाके ने आभार व्यक्त किया. पदग्रहण समारोह के बाद एसोसिएशन की पहली आमसभा आयोजित की गई, जिसमें आगामी वर्ष के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई तथा विभिन्न परियोजनाओं के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की गई. सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं.





