सांसद डॉ. बोंडे ने डॉक्टरों के साथ साधा संवाद

केंद्र की स्वास्थ्य योजनों की उपलब्धियां गिनाई

अमरावती/दि.23- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे मोदी सरकार के 12 वर्ष महा-अभियान के तहत अमरावती में विशेष जनसंपर्क एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों के साथ संवाद स्थापित कर केंद्र सरकार की स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी पहलों की जानकारी साझा की.
महा-अभियान के महाराष्ट्र प्रदेश सह-संयोजक सांसद डॉ. अनिल बोंडे के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने अमरावती स्थित प्रसिद्ध श्रीकृष्ण आरोग्यम हॉस्पिटल का दौरा किया. इस दौरान अस्पताल के संचालक डॉ. मनोज निचत, डॉ. गौरव वासुले, डॉ. किरण निचत तथा अन्य चिकित्सा विशेषज्ञों से स्वास्थ्य क्षेत्र की वर्तमान चुनौतियों और केंद्र सरकार द्वारा लागू योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई.
संवाद के दौरान सांसद डॉ. बोंडे ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में स्वास्थ्य क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन देखने को मिला है. आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र, मेडिकल कॉलेजों की संख्या में वृद्धि, डिजिटल स्वास्थ्य मिशन, टीकाकरण अभियान तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार जैसे कदमों ने देश के करोड़ों नागरिकों को लाभ पहुंचाया है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है.
सांसद डॉ. बोंडे ने चिकित्सकों से स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में सुझाव भी आमंत्रित किए. उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों का अनुभव और मार्गदर्शन नीति निर्माण तथा जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित चिकित्सकों ने भी स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए बदलावों, चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और नई तकनीकों के उपयोग पर अपने विचार व्यक्त किए. साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने और आम नागरिकों तक योजनाओं का अधिकाधिक लाभ पहुंचाने के संबंध में सुझाव दिए. इस अवसर पर भाजपा के अनेक पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे. इनमें साईनगर मंडल अध्यक्ष भारती गुहे, नगरसेवक चेतन गावंडे, नगरसेविका लता देशमुख, ओबीसी मोर्चा के सरचिटणीस हेमंत श्रीवास्तव, राहुल जाधव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे.
भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष देश में विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए अध्याय के रूप में याद किए जाएंगे. स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए व्यापक सुधारों ने आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सांसद डॉ. अनिल बोंडे के नेतृत्व में यह महा-अभियान अमरावती शहर और जिले के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाएगा तथा केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का कार्य लगातार जारी रहेगा.
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह अभियान केवल उपलब्धियों को बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद स्थापित कर उनकी अपेक्षाओं और सुझावों को भी सरकार तक पहुंचाने का माध्यम बन रहा है.

Back to top button