तक्षशिला महाविद्यालय में एप्लाइड एआई प्रशिक्षण का भव्य समापन

अमरावती/दि.23– डॉ. बाबासाहब आंबेडकर रिसर्च एण्ड ट्रेनिंग सेंटर के सहयोग तथा एमसीईडी के तत्वावधान में आयोजित दो माह के एप्लाइड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह तक्षशीला महाविद्यालय में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ.
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मूलभूत जानकारी, विभिन्न क्षेत्रों में उसके उपयोग, डिजिटल कौशल तथा रोजगार और उद्यमिता के नए अवसरों के बारे में विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया. प्रशिक्षण अवधि में विद्यार्थियों ने एआई आधारित विभिन्न प्रोजेक्ट, मॉडल और उपयोगी डिजिटल टूल्स विकसित कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. समापन समारोह में समाज कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त राजेंद्र जाधवर, बार्टी की जिला परियोजना अधिकारी अनिता गवई-राऊत, जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी, परियोजना अधिकारी राजेश सुने, महाराष्ट्र राज्य उद्यमिता विकास केंद्र के अधिकारी, प्रशिक्षण फैकल्टी आदित्य बोरकर एवं सुशील बोरकर सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे.
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए एआई आधारित प्रोजेक्ट्स और डिजिटल टूल्स की प्रदर्शनी भी लगाई गई. उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता और नवाचार की सराहना करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की. साथ ही विद्यार्थियों से कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार और उद्यमिता के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया. वक्ताओं ने कहा कि इस प्रशिक्षण से विद्यार्थियों में आधुनिक तकनीक के प्रति जागरूकता बढ़ी है तथा उनके रोजगारोन्मुख कौशल का विकास हुआ है. कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई.

Back to top button