उपजिला अस्पताल मोर्शी में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

मोर्शी/दि.23- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उपजिला अस्पताल मोर्शी में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का आयोजन अस्पताल के वैद्यकीय अधीक्षक डॉ. प्रमोद पोतदार के मार्गदर्शन में किया गया. इस अवसर पर डॉ. पोतदार ने कहा कि योग और प्राणायाम के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं निरोगी जीवन के लिए प्रत्येक व्यक्ति को नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए. योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है.
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक बंटी नागले एवं संस्कृति उईके ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास करवाया. उन्होंने योग के महत्व तथा उसके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी भी दी. इस अवसर पर उपजिला अस्पताल के डॉक्टरों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की. कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता और योग को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया.

Back to top button