अमरावती दौरे पर रहेंगे उद्योग मंत्री डॉ. उदय सामंत
शिवसेना पदाधिकारियों की लेंगे समीक्षा बैठक

अमरावती/दि.26– महाराष्ट्र के उद्योग एवं मराठी भाषा मंत्री तथा रत्नागिरी जिले के पालकमंत्री डॉ. उदय सामंत शुक्रवार 26 जून को अमरावती दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे शिवसेना पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे.
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डॉ. सामंत गुरुवार रात मुंबई से नागपुर पहुंचेंगे और वहां रात्रि विश्राम करेंगे. शुक्रवार सुबह वे सड़क मार्ग से अमरावती आएंगे. सुबह 11 बजे अमरावती के होटल गौरी इन में शिवसेना जिला प्रमुखों, पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी. बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों तथा स्थानीय मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है. यह बैठक अमरावती लोकसभा संपर्क प्रमुख किशोर अप्पा पाटिल के संदर्भ में आयोजित की जा रही है. बैठक के बाद मंत्री डॉ. सामंत अन्य संगठनात्मक कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे. अमरावती कार्यक्रम के बाद वे शाम को नागपुर के लिए रवाना होंगे. नागपुर में वर्धमान नगर स्थित धनसंस लॉन में आयोजित शिवसेना के प्रवेश एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगे. यह कार्यक्रम शिवसेना नागपुर जिला प्रमुख सूरज गोजे के नेतृत्व में आयोजित किया गया है. दौरे के समापन पर डॉ. उदय सामंत रात में नागपुर से मुंबई के लिए रवाना होंगे. उनके इस दौरे को आगामी स्थानीय निकाय चुनावों और संगठनात्मक मजबूती की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.





