टेम्पो की टक्कर में महिला गंभीर रुप से घायल
तलेगांव ठाकुर फाटा के पास की घटना

तिवसा/दि.26- स्कूटी लेकर महामार्ग के पास खडी महिला को एक छोटे टेम्पो ने जोरदार टक्कर मार दी. यह दुर्घटना गुरुवार 25 जून की शाम 5 बजे के दौरान तलेगांव ठाकुर फाटा के पास घटित हुई. इस हादसे में महिला गंभीर रुप से घायल हो गई. जख्मी महिला का नाम तिवसा के विद्युत कालोनी निवासी रंजना राजेंद्र ठाकरे (45) है.
जानकारी के मुताबिक रंजना ठाकरे तेलगांव ठाकुर फाटा के पास अपनी दुपहिया लेकर सहेली के साथ खडी थी. इसी दौरान अमरावती से नागपुर की तरफ जा रहे एमएच-40/वाय-9919 क्रमांक के टेम्पो चालक ने अपनी गाडी लापरवाही से चलाते हुए रंजना ठाकरे को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में महिला के सिर पर गंभीर चोटें आने से उसे तत्काल तिवसा उपजिला अस्पताल ले जाया गया. लेकिन हालत गंभीर रहने से उसे अमरावती रेफर किया गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपी चालक को कब्जे में लेकर वाहन जब्त कर लिया है.





