अमरावती में पल्स पोलियो अभियान की तैयारी पूरी
28 जून को 67 हजार से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

* आयुक्त वर्षा लढ्ढा की अपील – 5 वर्ष से कम उम्र का कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे
अमरावती /दि.27– देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने और पांच वर्ष से कम आयु के प्रत्येक बच्चे को पोलियो से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से 28 जून को आयोजित राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान की तैयारियों को लेकर अमरावती महानगरपालिका में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में अभियान की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि शहर का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे.
बैठक की अध्यक्षता महानगरपालिका आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने की. इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त शिल्पा नाईक, उपायुक्त योगेश पिठे, चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विशाल काले, आईएमए अध्यक्ष डॉ. दिनेश वाघाडे, बाल रोग विशेषज्ञ संघ की अध्यक्ष डॉ. प्रतिभा काले सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं चिकित्सा अधिकारी उपस्थित थे. बैठक में टीकाकरण केंद्रों की तैयारी, बूथों पर उपलब्ध मानव संसाधन, मोबाइल और ट्रांजिट टीमों की कार्ययोजना, प्रवासी एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचने की रणनीति, जनजागरूकता अभियान तथा टीकाकरण के बाद रिपोर्टिंग व्यवस्था की समीक्षा की गई. अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शहर के प्रत्येक 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे तक पोलियो की दो बूंदें हर हाल में पहुंचनी चाहिए.
इस वर्ष अमरावती शहर में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 67,107 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसके लिए 337 टीकाकरण बूथ, 19 मोबाइल टीमें तथा 29 ट्रांजिट टीमें तैनात की जाएंगी. बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, प्रमुख चौराहों, प्रवासी बस्तियों और अधिक भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर भी बच्चों को पोलियो की खुराक उपलब्ध कराई जाएगी. आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि 28 जून को अपने पांच वर्ष से कम आयु के प्रत्येक बच्चे को निकटतम पल्स पोलियो केंद्र पर अवश्य लेकर आएं और पोलियो रोधी दवा की दो बूंदें जरूर पिलाएं. उन्होंने कहा कि नियमित टीकाकरण होने के बावजूद पल्स पोलियो अभियान की खुराक लेना भी उतना ही आवश्यक है. चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विशाल काले ने बताया कि अभियान के लिए आवश्यक दवाएं, मानव संसाधन, परिवहन व्यवस्था और निगरानी तंत्र पूरी तरह तैयार है. सभी टीमों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है और प्रत्येक क्षेत्र में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए विशेष योजना बनाई गई है.
आईएमए अध्यक्ष डॉ. दिनेश वाघाडे और बाल रोग विशेषज्ञ संघ की अध्यक्ष डॉ. प्रतिभा काले ने भी अभिभावकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने आसपास के प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की दो बूंदें पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की. महानगरपालिका प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने विश्वास जताया कि सभी विभागों, स्वयंसेवकों और सामाजिक संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से 28 जून का राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान शत-प्रतिशत सफल बनाया जाएगा.





