जिले में निकली ग्रामीण पुलिस की जागरुकता बाइक रैली
विश्व मादक पदार्थ विरोधी दिवस पर विशेष

* ‘ऑपरेशन कवच’ के तहत नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प
* युवाओं और नागरिकों से सहयोग की अपील
अमरावती/दि.27- विश्व मादक पदार्थ विरोधी दिवस के अवसर पर शुक्रवार 26 जून को अमरावती ग्रामीण पुलिस ने जिलेभर में ‘ऑपरेशन कवच’ अभियान के तहत सभी पुलिस थाना क्षेत्रों में जनजागरुकता बाइक रैली का आयोजन किया. रैली में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने बडी संख्या में भाग लेकर नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरुक किया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देते दिखाई दिए.
रैली के दौरान पुलिस कर्मियों ने हाथों में जागरुकता बैनर और संदेश लिखे हुए फलक लेकर लोगों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान की जानकारी दी. व्यसनमुक्त समाज ही सच्ची प्रगति, नशे को कहें ना, नशामुक्त युवा, सशक्त भारत जैसे नारों के माध्यम से युवाओें, विद्यार्थियों और आम नागरिकों से नशे से दूर रहने की अपील की गई. परतवाडा थाने में आयोजित मुख्य बाइक रैली में पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम तथा अपर पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड स्वयं शामिल हुए. दोनों अधिकारियों ने नागरिकों से संवाद करते हुए समाज को नशामुक्त बनाने में प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक बताते हुए ‘ऑपरेशन कवच’ अभियान से जुडने का आवाहन किया. यदि किसी क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत निकटतम पुलिस स्टेशन को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके. ग्रामीण पुलिस का उद्देश्य केवल कानून का पालन करना ही नहीं, बल्कि जनजागरुकता, रोकथाम, प्रभावी कार्रवाई, नशामुक्ति और पुनर्वास के समन्वित प्रयासों के माध्यम से जिले को नशामुक्त, सुरक्षित और स्वस्थ बनाना है. पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से ‘ऑपरेशन कवच’ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने की अपील की है.





